ग्वालियर । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि सेवाभावी स्वास्थ्य संस्थाओं में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिये दानदाताओं द्वारा दी जाने वाली सहयोग राशि के बराबर प्रदेश सरकार भी धनराशि उपलब्ध करायेगी। सरकार इसके लिये विशेष नियम बनाए जायेंगे। मुख्यमंत्री रविवार को आरोग्यधाम चिकित्सालय एवं अनुसंधान केन्द्र के स्थापना दिवस एवं संस्थान के कैथ लैब व चिकित्सा वाहन सेवा के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान ने कहा कि तराणेकर स्मृति सेवा न्यास द्वारा संचालित आरोग्यधाम संस्थान वर्तमान युग में आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिये संजीवनी के समान है। उन्होंने कहा हृदय रोग के इलाज के लिये कैथ लैब शुरू कर इस न्यास ने पुण्य का काम किया है। उन्होंने कहा सभी काम केवल सरकार नहीं कर सकती। सरकार व समाज का साझा कर्तव्य है कि आरोग्यधाम जैसे प्रकल्प खड़ा करने में अपना योगदान दें। मनीष सिंघल ने आरोग्यधाम में कैथ लैब की स्थापना के लिये 2 करोड़ रूपए दान में देकर इस दिशा में सराहनीय कदम बढ़ाया है। सरकार ऐसे कामों में अपना भरपूर योगदान देगी। श्री चैहान ने कहा कि आरोग्यधाम संस्थान समर्पण भाव से आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद मरीजों की सेवा कर रहा है। उन्होंने आरोग्यधाम प्रकल्प खड़ा करने में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ से जुड़े अनिल ओक के योगदान को विशेष रूप से रेखांकित कर उनके प्रति धन्यवाद व्यक्त किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान आरोग्यधाम चिकित्सालय भी पहुँचे। उन्होंने कैथ लैब का जायजा भी लिया। उन्होंने इस दौरान चिकित्सालय के वार्ड में पहुँचकर मरीजों से चर्चा की और यहाँ की स्वास्थ्य सेवाओं को खुलकर सराहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सेवा प्रमुख प्रदीप खाण्डेकर ने कहा कि समाज के अंदर शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाएँ उचित शुल्क पर मिलनी चाहिए। आरोग्यधाम द्वारा समर्पण भाव से यह काम किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा सेवाभावी स्वास्थ्य संस्थाओं की मदद के लिये की गई घोषणा की सराहना की। आरंभ में अतिथियों ने भारत माता के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगीत वंदे मातरम् के साथ हुआ। यहाँ जीवाजी विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित हुए इस कार्यक्रम की अध्यक्षता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मध्य क्षेत्र सेवा प्रमुख प्रदीप खाण्डेकर ने की। इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर, केन्द्रीय नागरिक उड्डयन व इस्पात मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पूर्व राज्यपाल प्रो. कप्तान सिंह सोलंकी, आरोग्यधाम संस्थान में कैथ लैब की स्थापना के लिये 2 करोड़ की धनराशि दान में देने वाले एमडी इंटरटेन टेली प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक मनीष सिंघल सहित आरोग्यधाम न्यास के अन्य पदाधिकारी मंचासीन थे। कार्यक्रम में जिले के प्रभारी एवं जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, पूर्व मंत्री लाल सिंह आर्य, इटावा की विधायक श्रीमती सरिता भदौरिया व भाजपा जिला अध्यक्ष अभय चैधरी सहित आरोग्यधाम न्यास से जुड़े सेवाभावी सदस्यगण एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। संचालन आरोग्यधाम न्यास के सदस्य मधुसूदन सिंह भदौरिया ने किया। अंत में सुरेश गुप्ता ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
