ग्वालियर में कैंसर अवेयरनेस सैशन का आयोजन किया गया

 

 

ग्वालियर। कैंसर हॉस्पिटल एवं रिसर्च इंस्टीट्यूट ग्वालियर के को-ऑर्डिनेटिंग कैंसर केयर उपक्रम के तहत एक कैंसर अवेयरनेस सैशन का आयोजन शा.म.ल.बा. क. उ.मा. विद्यालय मुरार में किया गया। कार्यक्रम का संचालन डॉ सन्तोष कुमार ने करते हुए प्रमुख वक्ताओं को क्रमश: अपनी वार्ता के लिए आमंत्रित किया। डॉ. सीमा शिवहरे (स्त्रीरोग विषेशज्ञ), ने सभी प्रकार के कैंसर के विषय में बताते हुए कहा कि हमारा देश कैंसर की विश्व राजधानी बन चुका है। उन्होंने कैंसर के सामान्य लक्षणों और उसके बचाव के तरीकों की विस्तार से जानकारी दी।
खुद से खुद का परीक्षण और संदेह की स्थिति में तुरंत डॉक्टर से परामर्श करने की बात कहकर उन्होंने बताया कि 30 वर्ष की उम्र के बाद प्रतिवर्ष मैमोग्राफी, 50 वर्ष की उम्र के बाद कोलोनोस्कोपी आदि करवाया जाना चाहिए।
उन्होंने स्तन कैंसर, बच्चेदानी के मुंह के कैंसर, गला एवं मुख कैंसर, और अन्य कैंसर रोगों के विषय में और उनकी जांच तथा इलाज के विषय में विस्तार से बताया। उन्होंने एचपीवी वैक्सीन के विषय में बताते हुए कहा कि आप सभी लड़कियों को यह वैक्सीन समय रहते लगवाना चाहिए ताकि आप सभी गर्भाशय ग्रीवा कैंसर से बच जाएं और रोग का दबाव हॉस्पिटल पर कम हो सके और हर व्यक्ति का इलाज डॉक्टर कर सकें।
सुश्री मीरा श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में कहा कि खाना, नींद और आदतें सही रखें। रहन-सहन के सही नियमों के पालन से हमेशा बीमारी मुक्त रहा जा सकता है। उन्होंने अपनी कैंसर से संघर्ष की कहानी सुनाते हुए कहा कि कभी भी बीमारी और जीवन के थपेडों को अपने ऊपर हावी नहीं होने देना चाहिए। लगातार बिना थके इन्हें हरा देना चाहिए।
इस सत्र में स्कूल प्रिंसिपल विनय कुमार पिपरौलिया, अध्यापिका श्रीमती अभिलाषा श्रीवास्तव सहित समस्त शिक्षक शिक्षिकाएं, डॉ. सीमा शिवहरे, सुश्री मीरा श्रीवास्तव एवं कैंसर हॉस्पिटल की पूरी टीम उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *