अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर पर प्रदर्शनकारियों ने की तोड़फोड़, टमाटर और पत्थर फेंके

 

 

हैदराबाद। तेलुगु अभिनेता अल्लू अर्जुन के जुबली हिल्स स्थित घर में अवैध रूप से घुसकर प्रदर्शनकारियों ने तोड़फोड़ की. हैदराबाद पुलिस ने इस मामले में उस्मानिया यूनिवर्सिटी ज्वाइंट एक्शन कमेटी के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार किया है.
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, उस्मानिया यूनिवर्सिटी ज्वाइंट एक्शन कमेटी के सदस्यों का एक समूह रविवार को जुबली हिल्स स्थित अल्लू अर्जुन के घर के बाहर प्रदर्शन कर रहा था. इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारी चारदीवार को फांदकर परिसर में घुस गए और फूलों के गमलों और अन्य चीजों को तोड़ दिया. साथ ही आवास पर टमाटर और पत्थर भी फेंके गए. जिससे तनावपूर्ण माहौल बन गया.
प्रदर्शनकारियों ने अभिनेता अल्लू अर्जुन के खिलाफ नारे लगाए और उस महिला को न्याय दिलाने की मांग की, जिसकी फिल्म पुष्पा-2 की स्क्रीनिंग के समय मूवी थिएटर में भगदड़ में मौत हो गई थी. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया।
जुबली हिल्स पुलिस ने कहा कि उस्मानिया यूनिवर्सिटी जॉइंट एक्शन कमेटी के छह सदस्यों ने अभिनेता अल्लू अर्जुन के घर पर पथराव किया और तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया. हालांकि, हमें अल्लू अर्जुन के परिवार की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है.
अल्लू अर्जुन से लोगों की नाराजगी
4 दिसंबर को, अभिनेता अल्लू अर्जुन अपनी फिल्म श्पुष्पा 2श् के प्रीमियर में भाग लेने के लिए हैदराबाद के संध्या थिएटर गए थे. उन्हें देखने के लिए भारी भीड़ जमा हो गई थी. स्थिति तब और बिगड़ गई जब अर्जुन ने अपने वाहन की सनरूफ से प्रशंसकों को हाथ हिलाया, जिसके कारण अफरा-तफरी मच गई. जिसमें रेवती नाम की एक महिला की मौत हो गई थी. घटना के बाद अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार भी किया गया था. हालांकि अगले दिन उन्हें जमानत मिल गई थी. लेकिन इस मामले को लेकर कुछ लोग अल्लू अर्जुन का विरोध कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *