सनवैली परिसर में स्वतंत्रता दिवस का भव्य आयोजन,देशभक्ति, एकता और उत्साह का दिखा अद्भुत संगम

ग्वालियर। सनवैली परिसर में इस वर्ष का स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास और गौरव के वातावरण में मनाया गया। सुबह की ठंडी हवाओं के बीच देशभक्ति का जज्बा हर चेहरे पर साफ झलक रहा था। परिसर के सेंट्रल गार्डन में सुबह ठीक 9 बजे कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय ध्वज के वंदन से हुई, जिसके बाद पूरे परिसर में गूंजते “भारत माता की जय” और “वंदे मातरम्” के नारों ने माहौल को देशभक्ति से सराबोर कर दिया। राष्ट्रीय गान के दौरान सभी रहवासी एक साथ खड़े होकर भावविभोर हो गए। कार्यक्रम का कुशल संचालन श्री गिरीश अग्रवाल जी ने बड़े ही जोश और प्रभावी शैली में किया, जिससे पूरा आयोजन अनुशासित और जीवंत बना रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कार्यकारी अध्यक्ष पंकज बंसल ने की, जिन्होंने आयोजन की सफलता के लिए सभी रहवासियों का मनोबल बढ़ाया और एकजुटता का संदेश दिया। जबकि बतौर मुख्य अतिथि मलखान सिंह चैहान (सेवानिवृत्त्त टीआई मध्यप्रदेश पुलिस) ने अपने संबोधन में स्वतंत्रता के महत्व और इसकी रक्षा के संकल्प पर जोर दिया। उन्होंने अपने पुलिस सेवाकाल की साहसिक घटनाएं साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने और उनकी टीम ने कुख्यात डकैत दयाराम गड़रिया को मुठभेड़ में ढेर किया, जिसके लिए उन्हें तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चैहान द्वारा सम्मानित किया गया था।
इसी क्रम में रिटायर्ड डी एस पी श्री सोलंकी व रिटायर्ड इंस्पेक्टर करुणेश दीक्षित का भी इस अवसर पर स्वागत व सम्मान किया गया। कार्यक्रम में बच्चों द्वारा देशभक्ति गीत, नृत्य और भाषण की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। महिलाओं ने रंग-बिरंगी वेशभूषा में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर वातावरण को और भी उल्लासमय बना दिया। बुजुर्गों ने कविताएं और गीत सुनाकर सभी को भावुक कर दिया।
आरडब्ल्यूए की ओर से अमित अग्रवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, अध्यक्ष, संचालन टीम, आरडब्ल्यूए के सभी पदाधिकारी और समस्त रहवासियों का हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने विशेष रूप से श्री पंकज बंसल जी (कार्यकारी अध्यक्ष), गिरीश अग्रवाल (संचालक एवं पूर्व अध्यक्ष), सोलंकी, मलखान सिंह चैहान, राजीव गुप्ता, संजय वासवानी, श्रीमति इंदिरा जयंत और पूरे आयोजन में सहयोग देने वाले सभी रहवासियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर मलखान सिंह चैहान, गिरीश अग्रवाल , सोलंकी , अमित अग्रवाल, पंकज बंसल , राजीव गुप्ता ,संजय वासवानी , श्रीमति इंदिरा जयंत आरडब्ल्यूए टीम के सभी सदस्य एवं परिसर के सैकड़ों रहवासी मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *