नई दिल्ली। टॉस जीतने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए दक्षिण अफ्रीका ने पहले दिन का खेल खत्म होने तक 6 विकेट पर 247 रन बना लिए हैं. काइल वेरेन (1) और सेनुरन मुथुसामी (25) रन बनाकर नाबाद हैं. कुलदीप यादव भारत के सबसे सफल गेंदबाज रहे, उन्होंने कुल तीन विकेट झटके, जबकि बुमराह, सिराज और जडेजा को एक-एक विकेट मिला।
दक्षिण अफ्रीका के पहले बल्लेबाजी करने का फैसला सही साबित हुआ जब उनके दोनों ओपनरों ने पहले विकेट के लिए 82 रनों की साझेदारी कर दी. मार्करम ने 38 और रिकेल्टन ने 35 रन बनाए, लेकिन दोनों ही बल्लेबाज 82 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौट गए।
उसके बाद तीसरे विकेट के लिए भी स्टब्स और बावुमा के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई. 82 पर दूसरा विकेट गिरने के बाद 166 पर अफ्रीका ने तीसरा विकेट कप्तान बावुमा को खो दिया. उन्होने कुल 41 रन बनाए. उसके बाद ट्रिस्टन स्टब्स 49 रन बनाकर 183 के स्कोर पर पवेलियन लौट गए. उसके बाद जोरजी ने 28 और मुल्डर ने 13 रनों का योगदान दिया।
बता दें कि भारत के लिए ये मैच बहुत ही अहम है, क्योंकि दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पहला टेस्ट 30 रनों से हारने के बाद वो सीरीज में पहले ही 0-1 से पिछड़ रहा है. इसलिए भारत गुवाहाटी टेस्ट को जीतकर सीरीज बराबर करना चाहेगा. वहीं साउथ अफ्रीका 2000 के बाद भारत में अपनी पहली टेस्ट सीरीज जीतने की कोशिश करेगा।
दूसरे टेस्ट में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में दो बड़े बदलाव किए. बी साई सुदर्शन को शुभमन गिल की जगह प्लेइंग इलेवन में रखा गया जबकि नीतीश कुमार रेड्डी को अक्षर पटेल की जगह लाया गया. वहीं साउथ अफ्रीका ने भी अपनी प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया और कॉर्बिन बॉश की जगह सेनुरन मुथुसामी को टीम में शामिल किया.
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारतः केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, साई सुदर्शन, ध्रुव जुरेल, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), रवींद्र जडेजा, नीतीश कुमार रेड्डी, वाशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, और मोहम्मद सिराज।
दक्षिण अफ्रीकाः एडेन मार्करम, रयान रिकेल्टन, वियान मुल्डर, टेम्बा बावुमा (कप्तान), टोनी डी जोरजी, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेन (विकेटकीपर), मार्को जेनसेन, सेनुरन मुथुसामी, साइमन हार्मर, और केशव महाराज।
इंडिया बनाम दक्षिण अफ्रीका: अफ्रीका दूसरे टेस्ट का पहला दिन खत्म, दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 247/6 रन
