ग्वालियर। जिले में भी 26 नवंबर को गरिमामय ढंग से संविधान दिवस मनाया गया। संविधान दिवस के उपलक्ष्य में बाल भवन के सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस अवसर पर पूर्व सांसद विवेक नारायण शेजवलकर ने संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन कराया। साथ ही सभी को संविधान दिवस की बधाई व शुभकामनायें दीं। कार्यक्रम में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुंवर सिंह जाटव व उपाध्यक्ष श्रीमती प्रियंका सिंह, भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया व राजेन्द्र पाल, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सोजान सिंह रावत व निगम आयुक्त संघ प्रिय समेत अन्य अधिकारी शामिल हुए।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व सांसद शेजवलकर ने कहा कि भारतीय इतिहास में 26 नवंबर का दिन सबसे महत्वपूर्ण दिवस है। आज ही के दिन भारतीय संविधान अंगीकार किया गया था। हम सबको हमेशा यह याद रखना चाहिए कि संविधान ने हमें अधिकार दिए हैं तो कर्तव्य भी बताए हैं। हमें इन कर्तव्यों का निर्वहन करना चाहिए। भाजपा जिला अध्यक्ष जयप्रकाश राजौरिया ने कहा कि भारतीय संविधान दुनिया का सबसे बड़ा लिखित संविधान है। हम सभी को संविधान का सम्मान करते हुए अधिकारों के उपयोग के साथ कर्तव्यों का भी पालन करना चाहिए।आरंभ में अतिथियों ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. एस बी ओझा द्वारा किया गया। बाल भवन परिसर में संविधान पर केन्द्रित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी देखने एवं कार्यक्रम में शामिल होने आए विद्यार्थियों के साथ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने ग्रुप फोटो खिंचवाई। कार्यक्रम में संविधान पर केन्द्रित लघु फिल्म भी दिखाई गई।
गरिमा के साथ मना संविधान दिवस, पूर्व सांसद शेजवलकर ने कराया संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन
