कांग्रेसजन हर नागरिक को वोट का अधिकार दिलाने के लिये कटिबद्धः सुरेन्द्र यादव

ग्वालियर। मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के कार्य को गति प्रदान करने के लिए कांग्रेस पार्टी ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का संकल्प लिया है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेन्द्र यादव के नेतृत्व में 15 ग्वालियर विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्र. 3, वार्ड क्र. 13 एवं 14, विनय नगर सेक्टर न. 4 में आयोजित महत्वपूर्ण बैठकों में मतदाता सूची के शुद्धिकरण, मतदाताओं को फॉर्म भरने में आ रही परेशानियों को दूर करने तथा पोलिंग बूथों पर किए जा रहे कार्यों की गहन समीक्षा की गई।
इन बैठकों में जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुरेंद्र यादव ने कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही लोकतंत्र की प्रहरी रही है। एसआईआर अभियान के माध्यम से हम न केवल मतदाता सूची को शुद्ध कर रहे हैं, बल्कि हर नागरिक को वोट का अधिकार दिलाने के लिए घर-घर पहुंच रहे हैं। ये बैठकें हमारे कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा प्रदान करेंगी। हमारा संकल्प है कि जिले में कोई भी वोटर छूटे नहीं, और कांग्रेस की मेहनत से आगामी चुनावों में जनता का विश्वास और मजबूत होगा। इन बैठकों में कांग्रेस जनों को नागरिकों के सही फॉर्म भरवाने व जमा कराने के साथ घर-घर जनसंपर्क तथा मौहल्ला-गलियों में दरवाजा-दरवाजा अभियान चलाने के निर्देश दिए गए, ताकि हर मतदाता का अधिकार सुरक्षित हो और लोकतंत्र की मजबूती सुनिश्चित की जा सके। बैठकों में मप्र कांग्रेस कमेटी के महासचिव सुनील शर्मा, पार्षद विनोद यादव माटू, ब्लॉक अध्यक्ष मुनेन्द्र भदोरिया, उपेन्द्र सिंह राजपूत पिंटू, सोनू भदौरिया, डॉ. एन.के. सिसोदिया, अनिल शर्मा, सोहिल खान आदि साथ थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *