ग्वालियर । नगर निगम द्वारा आनंद नगर वार्ड 5 में महिलाओं के उपयोग हेतु अत्याधुनिक पिंक लाउंज (विशेष सुविधा केन्द्र) का लोकार्पण महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार, क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि श्रीमती साईदा आसिफ अली एवं अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव द्वारा किया गया।
इस अवसर पर महापौर डॉ. शोभा सतीश सिंह सिकरवार ने कहा कि इस प्रकार का अत्याधुनिक पिंक लाउंज कामकाजी महिलाओं की सुविधा एवं सुरक्षा को देखते हुए बनाया गया है। इसी प्रकार प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पिंक लाउंज बनाये जाएगें। जिससे घर के बाहर किसी भी कार्य के लिए निकलने वाली महिलाओं को सुविधा प्राप्त होगी। पिंक लाउंज के निरीक्षण के समय महापौर डॉ. सिकरवार ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस सुविधा केन्द्र पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर विशेष व्यवस्था की जाए तथा साफ सफाई का ध्यान रखा जाए। अपर आयुक्त टी. प्रतीक राव ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत महिलाओं को विशेष सुविधा एवं सुरक्षा देने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा इस प्रकार के विशेष सुविधा केन्द्र बनाये जा रहे हैं। जिनको निगम द्वारा पिंक लाउंज का नाम दिया गया है। अभी प्राथमिक तौर पर प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में एक-एक विशेष सुविधा केन्द्र बनाये जाएगें।
उल्लेखनीय है कि नगर निगम ग्वालियर द्वारा कामकाजी महिलाओं की विशेष सुविधा को ध्यान में रखते हुए 25 लाख रूपये की लागत से आनंद नगर स्थित ट्रांसपोर्ट नगर पटरी की सब्जी मंडी के पास अत्याधुनिक पिंक लाउंज (विशेष सुविधा केन्द्र) बनाया गया है। इस केन्द्र पर महिलाओं की सुरक्षा की दृष्टिगत महिला केयर टेकर तैनात रहेगी। कार्यक्रम का संचालन एसबीएम शाखा के देवेन्द्र निम ने किया । इस अवसर पर सहायक यंत्री राजीव सोनी, क्षेत्राधिकारी विशाल गर्ग एवं अभिषेक सिंह आदि उपस्थित रहे।
ग्वालियर महापौर डॉ. सिकरवार ने किया पिंक लाउंज का लोकार्पण
