सभी कन्याओं को मिलेगी स्कूटी, महिला संगीत के दौरान कन्याओं के साथ जमकर थिरकी महापौर
ग्वालियर। जन उत्थान न्यास के तत्वावधान में आयोजित चतुर्थ सर्वजातिय निःशुल्क विवाह एवं निकाह सामूहिक समारोह का आयोजन आज शुक्रवार को कटोराताल के सामने स्थित ‘जनकपुरी’ मैदान में किया जायेगा। विवाह समारोह के लिये विवाह स्थल पर 51 मण्डप सज-धज कर तैयार हैं। विवाह रस्म के क्रम में गुरूवार को महिला संगीत का आयोजन किया गया। जिसमे न्यास के अध्यक्ष और विधायक डा. सतीश सिंह सिकरवार, महापौर डा. शोभा सिकरवार, कन्या पक्ष से सैकड़ों महिलायें शामिल हुई और महिला संगीत के दौरान जमकर नाच गाना हुआ। इस दौरान कन्याओं ने अपने भाई विधायक डा. सिकरवार की बलईयां ली और उन्हें दिल खोलकर आर्शीवाद दिया। महिला संगीत के दौरान महापौर डॉ. शोभा सतीश सिकरवार ने कहा कि हमारा भारत देश विविध रीति, रिवाज, संस्कार, परंपरा को संजोकर रखता है। किसी भी उत्सव के रंग भरे पल हर रिश्ते की डोर को बांधे रखता है और अगर बात रस्म अदा करने की हो तो उसमें भी हम चार चांद लगा देते हैं। हमारे इन्हीं रीति रिवाज परंपरा को ध्यान में रखते हुए महिला संगीत की शाम में आज हम सब सम्मिलित हुए हैं। मैं सभी बेटियों एवं परिजनों को विवाह की शुभकामनाएं देती हूँ।
जन उत्थान न्यास द्वारा सर्वजातीय विवाह सम्मेलन के लिये विवाह स्थल कटोराताल के सामने ‘जनकपुरी’ मैदान पूरी तरह बारात के स्वागत के लिये सज-धज कर तैयार है। विवाह स्थल को बहुत ही आकर्षक तरीके से भव्य रूप से सजाया गया है। बारातियों के स्वागत की जोरदार तैयारियां की गई हैं। बारात आज प्रातः 9 बजे अचलेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद विवाह स्थल के लिये रवाना होंगी। बारात अचलेश्वर से सनातन धर्म मंदिर, इंद्ररगंज चौराहा, दाल बाजार, राजपायगा रोड होते हुये विवाह स्थल ‘जनकपुरी’ मैदान पहुॅचेंगी। इस दौरान बारात का जगह-जगह पुष्पवर्षा कर आतिशबाजी चलाकर भव्य स्वागत किया जायेगा। 51 घोड़ों पर सवार दुल्हों की बारात के साथ कई बैण्ड-बाजों, डी.जे. एवं ढोल-तांसे बजाने वाले आगें चलेंगे। जन उत्थान न्यास द्वारा आयोजित निःशुल्क सामूहिक विवाह सम्मेलन के लिये आज गुरूवार दोपहर से भोजन बनना शुरू हो गया है और भोजन बनाने के लिये एक सैकड़ा से ज्यादा हलवाई कर्मी लगे हुये है। भोजन कार्यक्रम की व्यवस्था कार्यक्रम स्थल ‘जनकपुरी’ परिसर एवं उसके बाहर दोनों तरफ की गई है। जिसमे 40 हजार से ज्यादा लोग भोजन करेंगे।
सभी 51 कन्याओं को मिलेंगी स्कूटी गाडियां
जन उत्थान न्यास के अध्यक्ष एवं विधायक डॉ. सतीश सिकरवार ने बताया कि विवाह एवं निकाह समारोह में पहले 2 कन्याओं को स्कूटी लक्की ड्रॉ द्वारा दी जा रही थी, लेकिन अब न्यास की मुख्य आयोजन समिति की बैठक में तय किया गया है कि सभी 51 कन्याओं को स्कूटी दी जायेगी। स्कूटी के साथ सभी कन्याओं को हेलमेट भी दिये जा रहे हैं। इस उपहार को लेकर कन्याओं में बेहद खुशी है।
51 कारों से होगी विदाई
विवाह समारोह की सभी रश्में पूर्ण होने के बाद 51 कारों से बहनों की विदाई की जायेगी। कारों की व्यवस्था न्यास द्वारा की गई है, जो कि नगर निगम सीमा के अंतर्गत कन्याओं को उनके ससुराल तक छोड़ने जायेंगी। गाडियों को फूलमालाओं से सजाया जायेगा।
यह उपहार दिये जायेंगे
कूलर, फ्रिज, सोने एवं चांदी के जेवर, एल.ई.डी, अलमारी, पलंग, सिंगारदानी, कुर्सी-टेबल सेट, प्रेस, पंखा, मिक्सी, गैस-चूल्हा, रजाई-कम्बल-गद्दा-चादर सेट, दुल्हा-दुल्हन के लिये कपडे, जूता-चप्पल, बर्तन, सूटकेश, 51 बर्तन सहित गृहस्थी का सभी सामान दिया जायेगा।
ग्वालियर पूर्व विधानसभा में सजधज कर तैयार है बारातों की अगवानी के लिये जनकपुरी
