भोपाल। मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों के लिए खुशी की खबर है. मध्य प्रदेश में इसी सत्र से 3 नए मेडिकल कॉलेज शुरू करने की तैयारी की जा रही है. केन्द्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान के गृह जिले सीहोर के बुधनी के अलावा छतरपुर और दमोह में मेडिकल कॉलेज खोलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. इन तीनों जिलों में मेडिकल कॉलेज की बिल्डिंग तैयार होने के बाद अब फैकल्टी आदि की व्यवस्थाएं शुरू कर दी है. तीनों मेडिकल कॉलेज को इसी सत्र से शुरू करने के लिए चिकित्सा शिक्षा संचालनालय द्वारा जल्द ही नेशनल मेडिकल कमीशन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है. इनके बाद प्रदेश में सरकारी मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़कर 20 हो जाएगी।
बढ़ जाएगी 450 एमबीबीएस की सीटें
प्रदेश में 3 नए सरकारी मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद प्रदेश में एमबीबीएस की सीटों की संख्या भी बढ़ जाएगी. चिकित्सा शिक्षा संचालनालय द्वारा इन मेडिकल कॉलेजों में 150-150 सीटों की मान्यता की कोशिश की जा रही है. इसके अलावा दूसरे सरकारी मेडिकल कॉलेजों में भी सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए प्रस्ताव तैयार किया है. मध्य प्रदेश में अभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 3025 एमबीबीएस और एमडी की सीटें हैं।
जबकि प्राइवेट कॉलेजों में सीटों की संख्या 2700 है. उधर बुधनी, छतरपुर और दमोह मेडिकल कॉलेज के लिए नेशनल मेडिकल कमीशन के मापदंडों के अनुसार फैकल्टी, सपोर्टिंग स्टॉप, मेडिकल इक्युपमेंट, लाइब्रेरी जैसी कई तरह की व्यवस्थाएं करनी होगी. विभागीय अधिकारियों के मुताबिक अगले 2 महीने में इससे जुड़ी सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएंगी.
मंडला और राजगढ़ की बिल्डिंग नहीं हो सकी तैयार
मध्य प्रदेश के मंडला और राजगढ़ में भी मेडिकल कॉलेज खोलने की तैयारी की जा रही है. इन दोनों जिलों में भी इसी साल से मेडिकल कॉलेज खोलने की कोशिश की जा रही थी, लेकिन अभी तक दोनों की ही बिल्डिंग तैयार नहीं हो सकी है. अब इन दोनों मेडिकल कॉलेजों के लिए अगले एक साल का इंतजार करना होगा. मध्य प्रदेश में अभी 17 मेडिकल कॉलेज हैं. इनमें गांधी मेडिकल कॉलेज भोपाल, गजराराजा मेडिकल कॉलेज ग्वालियर, महात्मा गांधी मेमोरियल मेडिकल कॉलेज इंदौर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज जबलपुर, श्याम शाह मेडिकल कॉलेज रीवा। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर, शासकीय मेडिकल कॉलेज दतिया, अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय मेडिकल कॉलेज विदिशा, शासकीय मेडिकल कॉलेज रतलाम, नंद कुमार सिंह चौहान मेडिकल कॉलेज खंडवा, शासकीय मेडिकल कॉलेज शहडोल, छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज, श्रीमंत रानी लक्ष्मीबाई सिंधिया मेडिकल कॉलेज शिवपुरी, शासकीय मेडिकल कॉलेज सतना, सुंदरलाल पटवा शासकीय मेडिकल कॉलेज मंदसौर, शासकीय मेडिकल कॉलेज सिवनी, वीरेन्द्र कुमार सखलेचा शासकीय मेडिकल कॉलेज नीमच शामिल हैं।
