एमपी: नशीले पदार्थों का हब बने मालवा में नारकोटिक्स की बड़ी कार्रवाई ,2 करोड़ की हेरोइन जब्त

सीबीएन ने ड्रग्स तस्करों को घेराबंदी कर पकड़ा
रतलाम। ड्रग्स तस्करी और सप्लाई का नेटवर्क बन चुके मालवा क्षेत्र में नशीले पदार्थों के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स की कार्रवाई लगातार देखने को मिल रही है. बुधवार रात नारकोटिक्स नीमच की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 2 करोड़ रुपए से अधिक की हेरोइन जब्त करते हुए 2 तस्करों को गिरफ्तार किया है. सीबीएन की टीम ने लेबर नयागांव फोरलेन पर बिलपांक टोल नाके के पास घेराबंदी कर ड्रग तस्करों को पकड़ा. काले रंग की की एक थार गाड़ी में पुलिस ने 352 ग्राम हेरोइन यानि ब्राउन शुगर जब्त की है.
मंदसौर से इंदौर जा रही थी मादक पदार्थ की खेप
नीमच सीबीएन ने प्रेस नोट जारी कर इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है. नारकोटिक्स ब्यूरो द्वारा जारी की गई जानकारी के अनुसार टीम को सूचना मिली थी कि 2 आरोपी मंदसौर से इंदौर काले रंग की एक गाड़ी में बड़ी मात्रा में अवैध मादक पदार्थों की डिलीवरी देने जा रहे हैं. जिस पर नारकोटिक्स की टीम ने रतलाम के बिलपांक थाना क्षेत्र स्थित टोल नाके के पास बुधवार रात संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली।
चेकिंग के दौरान मिली हेरोइन
टोल नाके पर पकड़े गए वाहन और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों की चेकिंग के दौरान उनके पास से 0.352 किलोग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई. दोनों आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर अवैध मादक पदार्थ जब्त किया गया है. वहीं तस्करी में प्रयुक्त की गए वाहन को जब्त कर लिया गया है।

मंदसौर से इंदौर जा रही थी मादक पदार्थ की खेप
नारकोटिक्स नीमच की टीम गिरफ्तार दोनों आरोपी से पूछताछ कर इस मामले की जांच में जुटी है कि इतनी मात्रा में ब्राउन शुगर कहां से लाए थे और इंदौर में किन लोगों को इसकी सप्लाई की जाना थी. अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 2 करोड़ रुपए से अधिक बताई जा रही है।
2 महीने में 15 करोड़ से अधिक के मादक पदार्थ जब्त
रतलाम, मंदसौर और नीमच जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के साथ सिंथेटिक ड्रग्स बनाने का काम चोरी छिपे बड़े पैमाने पर चल रहा है. हाल में यहां सिंथेटिक ड्रग्स बनाने की 2 बड़ी फैक्ट्रियां भी पकड़ी जा चुकी हैं. वहीं, मुंबई पुलिस ने भी बीते दिनों मंदसौर और रतलाम पुलिस की मदद से करोड़ों की एमडी ड्रग्स पड़ी थी। रतलाम के चिकलाना गांव में एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री से भी पुलिस ने 10 करोड़ से अधिक की ड्रग्स और कच्चा माल बरामद किया था. वहीं, मंदसौर जिले में भी एमडी ड्रग्स बनाने की फैक्ट्री से करोड़ों रुपए की एमडी और मादक पदार्थ बरामद किया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *