बोलिविया में बैंक नोट ले रहा कार्गो प्लेन हाईवे पर क्रैश, 15 लोगों की मौत

बोलिविया की एयर फोर्स का हरक्यूलिस एयरक्राफ्ट सेंट्रल बैंक से दूसरे शहरों में नए बैंक नोट ले जा रहा था
लापाज (बोलिविया)ः दक्षिण अमेरिकी देश बोलिविया में शुक्रवार को उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद एक कार्गो प्लेन क्रैश हो गया. इस हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई. एक अधिकारी ने बताया कि कार्गो प्लेन बोलीविया की राजधानी लापाज के पास क्रैश हो गया. इससे हाईवे पर करीब एक दर्जन गाड़ियां डैमेज हो गईं और 15 लोगों की मौत हो गई. हालांकि अधिकारी ने यह साफ नहीं किया कि मरने वाले प्लेन में थे या लापाज में एयरपोर्ट के पास हाईवे पर खड़ी कारों में।
सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों के मुताबिक, प्लेन रनवे से फिसलकर लापाज के पड़ोसी शहर एल ऑल्टो में गाड़ियों से टकराया और फिर पास के एक खेत में जाकर रुक गया. प्लेन का मलबा, टूटी हुई कारें और लाशें सड़क पर बिखरी पड़ी थीं. फायर ब्रिगेड के अधिकरी के मुताबिक, इसमें कम से कम 15 गाड़ियां शामिल थीं।
दमकलकर्मियों ने प्लेन में लगी आग को बुझाने में कामयाबी हासिल की. वहीं, इस हादसे के बाद अधिकारियों ने टर्मिनल से आने-जाने वाली सभी फ्लाइट्स को कुछ समय के लिए रोक दिया.यह प्लेन, बोलिविया की एयर फोर्स का एक हरक्यूलिस एयरक्राफ्ट था, जो सेंट्रल बैंक से दूसरे शहरों में नए बैंकनोट ले जा रहा था। सोशल मीडिया पर चल रही तस्वीरों के मुताबिक, एयरपोर्ट के बाहर बहुत सारे पैसे बिखरे हुए थे, और सैकड़ों लोग बिखरे हुए नोट इकट्ठा करने के लिए दौड़ पड़े. भीड़ को हटाने के लिए पुलिस को दंगा रोधी गियर का इस्तेमाल करना पड़ा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *