मुंबई। महाराष्ट्र में सरकार बनाने के लिए घटनाक्रम तेजी से बदल रहे हैं। मंगलवार को कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत खराब हो गई। जिसके बाद उन्हें एक निजी अस्पताल में स्वास्थ्य जांच के लिए जाना पड़ा। बताया जा रहा है कि मंत्री पदों के बंटवारे को लेकर शिंदे नाराज हैं। पिछले 24 घंटे में फडणवीस के संकटमोचक गिरीष महाजन दो बार शिंदे से मिले हैं। हालांकि उन्होंने इस मुलाकात को महज औपचारिक करार दिया। देर शाम को कार्यवाहक मुख्यमंत्री शिंदे से मिलने देवेंद्र फडणवीस पहुंचे।
विजय रूपाणी मुंबई पहुंचे
बीजेपी विधायक दल का नेता चुनने के लिए गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी मुंबई पहुंच गए हैं जबकि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह मुंबई पहुंच जाएंगी। बुधवार की सुबह 10 बजे विधान भवन के सेंट्रल हॉल में बीजेपी विधायक दल की बैठक होगी। चर्चा है कि नेता चुने जाने के बाद कौन बनेगा मुख्यमंत्री से पर्दा उठ सकता है क्योंकि मुख्यमंत्री बीजेपी का बनेगा इसलिए रेस में अब भी देवेंद्र फडणवीस आगे चल रहे हैं। बीजेपी के विधायक दल के नेता चुने जाने के बाद महायुति की बैठक होगी जिसमें नेता चुना जाएगा। फिर महायुति के नेता राजभवन जाएंगे, जहां राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां जोरशोर से
राज्यपाल के सामने दावा पेश करने के बाद आजाद मैदान पर नई सरकार शपथ लेगी जिसकी तैयारियां जोरशोर से शुरू है। तैयारियों का मुआयना करने के लिए दिन भर बीजेपी नेताओं के आने-जाना लगा रहा है। वहां पर मुआयना करने आए बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देखिए शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आ रहे हैं इसलिए बेहतर तैयारी हमारी जिम्मेदारी है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री के अलावा भी जिन राज्यों में एनडीए के मुख्यमंत्री हैं वे भी आने वाले है। बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री शरीक होने वाले हैं। इसके अलावा फिल्म स्टार, उद्योगपति, समाजसेवक, साधु-संत आने वाले हैं। सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम करने के लिए पुलिस ने भी कई बार बैठक की। शपथ ग्रहण समारोह स्थल का पुलिस अधिकारियों ने भी दौरा किया। बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा कि शपथ ग्रहण समारोह में महाराष्ट्र की सांस्कृतिक विविधता का सम्मान करते हुए महायुति गठबंधन की भावना को प्रदर्शित किया जाएगा।
मेरी सेहत ठीक है- शिदे
कार्यवाहक मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की तबीयत पहले से ही खराब चल रही है। मंगलवार को और बिगड़ गई है। उन्हें ठाणे के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया जहां स्वास्थ्य जांच के बाद अस्पताल के छुट्टी दे दी गई। अस्पताल निकलते समय जब एकनाथ शिंदे से पूछा गया कि उनकी तबीयत कैसी है? तो उन्होंने जवाब दिया कि मैं जांच के लिए आया था। मेरी तबियत ठीक है। वैसे, डॉक्टरों का कहना था कि शिंदे को तेज बुखार और संक्रमण था जिससे उन्हें कमजोरी हो गई थी। एहतियात के तौर पर उनका एमआरआई स्कैन भी कराया गया। शिवसेना नेता उदय सामंत ने पुष्टि की कि शिंदे को डेंगू नहीं है। वे अब ठीक है।
एक दूसरे के दूत मिले
मंगलवार को एकनाथ शिंदे के वर्षा निवास पर पहुचने पर उनके करीब उदय सामंत, दीपक केसरकर, भतल गोगावले, राहुल शेवाले जैसे कई नेता मिले। उनके बीच आपस में चर्चा हुई जिसके बाद शिंदे का संदेश लेकर उदय सामंत सागर निवास स्थान पर देवेंद्र फडणवीस से मिलने पहुंचे। फडणवीस और सामंत के बीच हुई चर्चा के बाद फडणवीस का संदेश लेकर गिरीष महाजन वर्षा निवास पर पहुंच। उन्होंने फडणवीस का संदेश दिया। महाजन और शिंदे के बीच हुई बातचीत का संदेश लेकर महाजन फडणवीस के पास गए। इसके बाद फडणवीस खुद वर्षा निवास पहुंचे जहां पर शिंदे और फडणवीस के बीच बातचीत हुई। इस बार में शिंदे के करीबी भरत गोगावले ने कहा कि दोनों के बीच क्या बात हुई इसकी कोई जानकारी नहीं है क्योंकि उस वक्त सिर्फ फडणवीस और शिंदे ही थे। दूसरी ओर, अजित पवार दिल्ली जाकर आए हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि वहां किसी समारोह में भाग लेने के लिए गए थे।
उद्धव और राज ठाकरे को निमंत्रणशपथ ग्रहण समारोह में पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे,शरद पवार, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे सहित राज्य के सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों को न्योता दिया जाएगा। उद्धव कार्यक्रम में शामिल होंगे या नहीं, यह बड़ा सवाल है। हालांकि महाविकास आघाड़ी के शपथ ग्रहण समारोह में देवेंद्र फडणवीस जरूर शामिल हुए थे। शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण किया जाएगा। मुंबई में बेस्ट और एसटी बस डिपो पर लगे एलईडी टीवी के माध्यम से शपथ ग्रहण कार्यक्रम को सीधा प्रसारण किया जाएगा, इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर शपथ ग्रहण को दिखाया जाएगा।
