ग्वालियर। गणेश चतुर्थी के अवसर पर बुधवार को घर-घर में गणेश जी विराजेंगे। गणेशजी को विराजने के लिए सभी जगह तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। गणेश उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं का उत्साह चरम पर हैं। गणपति बप्पा के स्वागत के लिए भव्य एवं आकर्षक पंडाल तैयार किये गये हैं। प्रमुख बाजार आकर्षक विद्युत सज्जा से जगमगा रहे है। घरों में श्रीजी को रिद्धि-सिद्धि के साथ विराजित करने की तैयारियां शुरु हो गईं हैं। गणेशजी के पसंदीदा मोदक बनाए जा रहे हैं।
बुधवार को मंगलमूर्ति और विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेशजी की स्थापना धूमधाम से होगी। गणेश प्रतिमाओं को मूर्तिकारों ने अंतिम रूप दे दिया है। वहीं गली मौहल्लों, बाजारों में गणेश जी की स्थापना को लेकर पांडाल सज चुके हैं। गणेश चतुर्थी के अवसर पर गणेश जी की बड़ी प्रतिमा अचलेश्वर महादेव मंदिर पर विराजेगी। इसके साथ ही दौलतगंज सहित महाराज बाड़ा, हजीरा, मुरार, नयाबाजार, हनुमान नगर में भी बड़े गणेशजी विराजेंगे। दौलतगंज में कई स्थानों पर युवाओं द्वारा श्रीगणेशजी विराजित किए जा रहे हैं। बाजार में दुकानदारों के चेहरे खिल उठे है। दौलतगंज में मेला जैसा माहौल हैं। गणेश मंडपों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियां की जा रही है।
गणेश चतुर्थी आज, घर घर विराजेंगे गणपति बप्पा
