सिंध नदी में रेत के अवैध उत्खनन में लिप्त तीन पंडुब्बियां नष्ट कीं

अवैध रूप से भण्डारित 5760 घन मीटर रेत जब्त
ग्वालियर । जिले की डबरा तहसील के अंतर्गत सिंध नदी में रेत के अवैध उत्खनन व परिवहन के खिलाफ कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान के निर्देश पर संयुक्त टीम द्वारा दो दिनों से लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस दौरान रेत के अवैध उत्खनन में लिप्त तीन पंडुब्बियां नष्ट की गई हैं। साथ ही लोहे के पाइप व ड्रम जब्त किए गए हैं। इसके अलावा अवैध रूप से भंडारित लगभग 5 हजार 760 घन मीटर रेत जब्त किया गया है।
एसडीएम डबरा रूपेश रतन सिंघई, प्रभारी खनिज अधिकारी घनश्याम सिंह यादव, तहसीलदार दिव्यदर्शन शर्मा, नायब तहसीलदार मस्तराम सिंह गुर्जर व लाल सिंह राजपूत सहित अन्य राजस्व अधिकारी, क्षेत्रीय आरआई पटवारी और एसडीआरएफ व पुलिस के सहयोग से इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। जिला खनिज अधिकारी से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार 4 अप्रैल को डबरा तहसील के अंतर्गत चांदपुर के समीप से होकर बह रही सिंध नदी में संयुक्त कार्रवाई के दौरान रेत के अवैध उत्खनन में लिप्त तीन पंडुब्बियों को नष्ट किया गया। साथ ही 20 फुट लंबाई के 10 लोहे के पाइप व 15 ड्रम जब्त किए गए। इसी तरह रविवार 5 अप्रैल को पुनः कार्रवाई कर सिंध नदी क्षेत्र में अवैध रूप से भंडारित 5760 घन मीटर रेत जब्त किया गया है। दोषियों के खिलाफ खनिज अधिनियम सहित अन्य कानूनी प्रावधानों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में खनिज पदार्थों के अवैध उत्खनन, परिवहन व भण्डारण के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *