कटनी में इमरजेंसी लैंडिग, स्कूल के मैदान में उतरा हेलीकॉप्टर, बड़ा हादसा टला

कटनी। बरही क्षेत्र के ग्राम सलैया-सिहोरा में एक निजी हेलीकॉप्टर की स्कूल के मैदान में आपातकालीन लैंडिंग हुई. इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीणों की मेले जैसी भीड़ लग गई. हेलीकॉप्टर बनारस से जबलपुर आ रहा था. इस दौरान हेलीकॉप्टर के इंजन में तकनीकी खराबी आ गई, जिसमें वाइब्रेशन और पावर लॉस की समस्या हुई. जिसके चलते पायलट ने इमरजेंसी लैंडिंग की.
केवल पायलट था हेलीकॉप्टर में सवार
हेलीकॉप्टर बनारस से उड़ान भरा था और जबलपुर आ रहा था. इसी दौरान हेलीकॉप्टर में तेज आवाज आने लगी. जिसके बाद तकनीकी समस्या को लेकर पायलट सिमरन सिंह ने इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति ली. अनुमति मिलते ही पायलट ने कटनी के ग्राम सलैया स्कूल मैदान में हेलीकॉप्टर की सुरक्षित लैंडिंग कर दी. जिससे किसी तरह का कोई नुकसान नहीं हुआ. हेलीकॉप्टर पर केवल पायलट ही सवार था.
तकनीकी खराबी की जांच जारी
हेलीकॉप्टर के लैंडिंग के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी. इस घटना के बाद दिल्ली से इंजीनियरों की टीम कटनी पहुंची है. अभी तकनीकी खराबी की जांच और मरम्मत कार्य जारी है. यह हेलीकॉप्टर बेंगलुरु की संजय घोणावत समूह की है, जो जबलपुर और गोंदिया में विमानन सेवाएं संचालित करती है.
पायलट की तत्परता से टला हादसा
ग्रामीणों ने बताया कि शुक्रवार की शाम अचानक हेलीकॉप्टर उनके गांव की तरफ आया. इसके बाद चारों ओर चक्कर लगाने लगा. कुछ देर में ही तेज आवाज के साथ स्कूल के मैदान में उतर गया. जब इसकी जानकारी लोगों को लगी, तो काफी संख्या में लोग हेलीकॉप्टर देखने मौके पर पहुंच गए. वहीं, मौके पर स्थानीय पुलिस पहुंची और घटनास्थल पर सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है.
पायलट की तत्परता और अनुभव से एक बड़ा हादसा टल गया है. इस घटना को लेकर अभी जांच चल रही है, ताकि खराबी के कारण पता चल सके. अभी भी सुधार कार्य चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *