कोच्चि। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि केरल में होने जा रहे विधानसभा चुनाव केवल सरकार बदलने के लिए नहीं, बल्कि राज्य के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए हैं.शाह ने यहां कुन्नथुनाडु निर्वाचन क्षेत्र में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 के लोकसभा चुनावों के बाद से केरल में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के मत प्रतिशत में वृद्धि हुई है और अब राज्य में भाजपा के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार का समय आ गया है।
उन्होंने ईस्टर के अवसर पर ईसाई समुदाय को शुभकामनाएं दीं और उनसे केरल में सरकार बनाने के लिए राजग का समर्थन करने का आह्वान किया.केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राजग का पूरे देश में सभी के लिए न्याय और किसी का तुष्टीकरण नहीं वाला रुख है. शाह ने केरल के मुख्यमंत्री और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के वरिष्ठ नेता पिनराई विजयन पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने नाम बदलने का एक नया धंधा शुरू कर दिया है. उन्होंने कहा कि विजयन केंद्र द्वारा वित्त पोषित सभी परियोजनाओं के नाम बदलकर उनका श्रेय खुद ले लेते हैं।केरल की 140 सदस्यीय विधानसभा के लिए नौ अप्रैल को मतदान होगा जबकि मतगणना के लिए चार मई की तारीख तय की गई है।
एनडीए केरल में सरकार बनाएगा
वहीं कट्टाकडा की रैली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा- प्रदेश के लोगों ने एलडीएफ और यूडीएफ दोनों को चुना, लेकिन किसी ने भी सूबे के लिए अच्छा काम नहीं किया. साथ ही उन्होंने कहा कि एनडीए केरल में सरकार बनाएगा.
उन्होंने कहा कि एलडीएफ ने केरल में अपने शासनकाल के दौरान 343 करोड़ रुपये का सहकारी बैंक घोटाला किया और मंदिरों से सोना भी चुराया गया.केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि प्रदेश में एनडीए की सरकार ये तय करेगी कि सबरीमला सोना चोरी मामले के दोषियों को दो महीने के भीतर जेल भेजा जाए. उन्होंने कहा कि जब केंद्र सरकार ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगाया तो एलडीएफ और यूडीएफ दोनों ने इसका विरोध किया, उनके शासन में प्रदेश सुरक्षित नहीं रह सकता।
केरल विस चुनाव सरकार बदलने के लिए नहीं बल्कि राज्य का भविष्य सुधारने के लिए हैं: शाह
