मंदिरों के शहर में मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक
छतरपुर। मध्य प्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक आज मंगलवार को खजुराहो में होने जा रही है. मोहन यादव सरकार सोमवार से मंदिरों के शहर और बुन्देलखंड के फेमस टूरिस्ट स्पॉट खजुराहो से चल रही है. सोमवार को जहां सीएम ने विभागों की समीक्षा बैठक ली, तो वहीं दूसरे दिन मंगलवार को कैबिनेट की बैठक आयोजित की जा रही है. इस दौरान कैबिनेट में कई बड़े फैसलों पर मुहर लग सकती है. इसके साथ ही सीएम यहां से लाड़ली बहनाओं के खाते में 1500 रु के लिए कुल 1857 करोड़ रुपये ट्रांसफर करेंगे।
मोहन सरकार के कैबिनेट में होंगे बड़े फैसले
मध्य प्रदेश में सरकार पहली बार चंदेल कालीन नगर खजुराहो में कैबिनेट की बैठक कर रही है. इसमें खेती किसानी से जुड़े कई अहम फैसले लेने की उम्मीद है. इसके अलावा मोहन यादव अपने मंत्रियों के साथ मिलकर आज कई बड़े प्रस्ताव को ग्रीन सिग्नल दिखाएंगे. इसमें महाराजा कंवेंशन सेंटर और लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की प्रतिमा का लोकार्पण से जुड़ा फैसला होगा.
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अपने पूरे मंत्री-मंडल के साथ दो दिवसीय खजुराहो से सरकार चला रहे है, दूसरे दिन यानी आज मंगलवार को कन्वेंशन सेंटर खजुराहो में मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक होगी. इसके बाद मुख्यमंत्री डॉ. यादव छतरपुर जिले के विधानसभा क्षेत्र राजनगर के सती की मढ़िया के पास आयोजित महिला सम्मेलन में शामिल होंगे, मुख्यमंत्री डॉ. यादव सम्मेलन में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में प्रदेश की 1 करोड़ 26 लाख से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में लगभग 1857 करोड़ 62 लाख रुपये डालेंगे।
मंत्रीमंडल के साथ लाइट एंड शो में शामिल हुए सीएम
सोमवार को विभागों की समीक्षा बैठक के बाद सीएम ने मंत्रियों के साथ खजुराहो का लाइट एडं साउंड शो देखा. लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से खजुराहो के विश्व धरोहर मंदिरों और चंदेलवंश के गौरवशाली इतिहास व बुंदेलखंड की समृद्ध लोक संस्कृति को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया. लाइट एंड साउंड शो देखकर मंत्री मंडल और खुद सीएम ने आयोजन की जमकर सराहना की. इस दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा, इस तरह के आयोजन बुंदेलखंड की कला-संस्कृति को संरक्षित करने के साथ,साथ पर्यटन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
मंत्री मंडल ने देखा पारंपरिक लोक नृत्य
लाइट एंड साउंड शो के बाद आधी रात को सीएम मोहन यादव अपने मंत्रियो के साथ सांस्कृतिक गांव व जनजातीय लोक कला राज्य संग्रहालय आदिवर्त पहुंचे. इस मौके पर अलीराजपुर व डिंडोरी के कलाकारों के दल द्वारा भगोरिया व गुदुमबाजा पारंपरिक लोक नृत्य की शानदार मनमोहक एवं आकर्षक प्रस्तुति दी गई. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आदिवर्त संग्रहालय खजुराहो में नवनिर्मित पारंपरिक कलाओं के गुरुकुल का लोकार्पण भी किया. संग्रहालय में जनजातीय लोक संस्कृति एवं परंपरा पर आधारित विभिन्न लोक कलाओं का प्रदर्शन किया गया. इस दौरान पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल, नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, मंत्री लोक निर्माण विभाग राकेश सिंह,सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण उद्यानिकी तथा खाद्य प्रसंस्करण मंत्री नारायन सिंह कुशवाह समेत सभी कैबिनेट मंत्री व स्थानीय विधायक मौजूद रहे।
सीएम मोहन यादव ने खजुराहो में पहले दिन कहा, बुन्देलखंड और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए एक बड़ा निर्णय आने वाला है. एजुकेशन के लिए महाराजा छत्रशाल यूनिवर्सिटी को पर्यायप्त धन राशि दी, काम तो इतने सारे हैं कि आप भूल जाओगे, अभी और भी बाकी हैं.।
मंदिरों के शहर खजुराहो में मोहन सरकार की कैबिनेट बैठक, लाड़ली बहना को मिलेगी खुशखबरी
