तानसेन समारोह की सभी व्यवस्थायें उच्च कोटि की होंः संभाग आयुक्त खत्री

– संभाग आयुक्त, आईजी, डीआईजी, कलेक्टर, एसएसपी एवं नगर निगम आयुक्त ने लिया तैयारियों का जायजा
ग्वालियर । संगीत शिरोमणि तानसेन की स्मृति में आयोजित होने जा रहे 101वे “तानसेन संगीत समारोह” की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने शनिवार को पुलिस महानिरीक्षक अरविंद कुमार सक्सेना, पुलिस उप महानिरीक्षक अमित सांघी, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम आयुक्त संघ प्रिय एवं उस्ताद अलाउद्दीन खाँ संगीत एवं कला अकादमी के निदेशक प्रकाश सिंह ठाकुर के साथ तानसेन समाधि परिसर व इंटक मैदान पहुँचकर तैयारियों का जायजा लिया।
इस अवसर पर संभाग आयुक्त खत्री ने आयोजन से जुड़े सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि तानसेन समारोह की सभी व्यवस्थायें उच्चकोटि की हों। व्यवस्थायें ऐसी हों जिससे तानसेन समारोह की सभाओं में आने वाले ब्रम्हनाद के साधकों व संगीत रसिकों को यह महसूस हो कि हम अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सांस्कृतिक आयोजन में मौजूद हैं। संभाग आयुक्त एवं कलेक्टर ने मुख्य समारोह स्थल तानसेन समाधि परिसर सहित इसके आसपास साफ-सफाई को और बेहतर करने एवं आवागमन मार्ग को सुगम बनाने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। उन्होंने कहा हजीरा स्थित तानसेन समाधि परिसर में आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में संगीत रसिकों के लिये बैठने की उत्तम व्यवस्था रहे। साथ ही निर्देश दिए कि बिजली के बैकअप अर्थात जनरेटर की पुख्ता व्यवस्था रहे, जिससे उदघाटन समारोह सहित सभी संगीत सभायें सुचारू रूप से आयोजित हो सकें। संभागीय आयुक्त ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ मुख्य मंच का भी जायजा लिया।
“गमक” के दिन इंटक मैदान में सब्जी मंडी बंद रखें या दूसरी जगह लगवाएँ
इंटक मैदान पर पर “गमक” आयोजन दिवस को यहाँ पर लगने वाली सब्जी मंडी को सब्जी व्यवसाइयों की सहमति से एक दिन के लिये बंद रखने अथवा किसी दूसरे स्थल पर लगवाने के लिये भी नगर निगम के अधिकारियों से कहा गया। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि मुख्य समारोह आयोजन स्थल तानसेन समाधि परिसर एवं इंटक मैदान पर आयोजित होने वाले उप शास्त्रीय संगीत सभा “गमक” में आने वाले संगीत रसिकों के लिये पार्किंग की बेहतर से बेहतर व्यवस्था करें। पार्किंग व्यवस्था ऐसी हो, जिससे रसिक कम से कम दूरी तय कर समारोह स्थल पर पहुँच सकें। साथ ही शहर का यातायात भी बाधित न हो। ज्ञात हो पूर्वरंग “गमक” सभा का आयोजन 14 दिसम्बर को सायंकाल 7 बजे इंटक मैदान में होगा। गमक में देश की सुविख्यात सूफी, सुगम संगीत एवं पार्श्व गायिका श्रीमती जसपिंदर नरूला की प्रस्तुति होगी।
15 से 19 दिसम्बर तक होगा शास्त्रीय संगीत का शीर्षस्थ महोत्सव का आयोजन
भारतीय शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में देश व दुनिया का सर्वाधिक प्रतिष्ठित महोत्सव “तानसेन संगीत समारोह” संगीतधानी ग्वालियर में 15 से 19 दिसम्बर तक आयोजित होगा। मुख्य समारोह के एक दिन पहले यानि 14 दिसम्बर को सायंकाल इंटक मैदान में समारोह के तहत पूर्वरंग “गमक” का आयोजन होगा। समारोह के तहत 15 दिसम्बर को प्रातःकाल तानसेन समाधि पर परंपरागत ढंग से शहनाई वादन, हरिकथा एवं मिलाद गायन होगा। इस दिन सायंकाल औपचारिक रूप से समारोह का शुभारंभ होगा।
मुख्य समारोह में 10 संगीत सभाएँ होंगीं
तानसेन संगीत समारोह में इस साल 10 संगीत सभाएं होंगी। पहली सभा 15 दिसंबर को सायंकाल तानसेन समाधि परिसर में बनाए गए भव्य मंच पर सजेगी। इसी सभा में राष्ट्रीय तानसेन अलंकरण एवं राजा मानसिंह तोमर सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसके बाद हर दिन यहीं पर प्रातः एवं सायंकालीन सभाएं होंगी। समारोह के तहत 18 दिसम्बर को प्रातःकाल 10 बजे से दो संगीत सभायें समानांतर रूप से सजेंगीं। समारोह के आखिरी दिन यानि 19 दिसंबर को प्रातःकालीन सभा संगीत शिरोमणि तानसेन की जन्मस्थली बेहट में और इस साल के समारोह की अंतिम संगीत सभा सायंकाल गूजरी महल परिसर में सजेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *