एमपी: अलीराजपुर में मां ने 3 बच्चों के साथ की आत्महत्या की कोशिश, तीनों बच्चों की मौत, महिला की हालत गंभीर

अलीराजपुर। मध्य प्रदेश के अलिराजपुर से हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. आंबुआ में एक मां ने अपने तीन छोटे बच्चों के साथ आत्महत्या की कोशिश की. हालत बिगड़ने पर चारों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. जहां तीनों बच्चों की उपचार के दौरान मौत हो गई. वहीं मां की हालत गंभीर बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी हुई है।
तीन बच्चों के साथ आत्महत्या की कोशिश
एसपी रघुवंश सिंह ने बताया कि, घटना शुक्रवार शाम की है. आंबुआ क्षेत्र के ग्राम अडवाड़ा में घरेलू कलह से परेशान होकर एक महिला नूरी बाई ने अपनी दो बेटियों और एक बेटे के साथ जान देने की कोशिश की. धीरे-धीरे चारों की हालत बिगड़ने लगी जहां उन्हें गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया. जहां बेटी सावित्री की मौत हो गई. जबकि कार्तिक, दिव्या और मां नूरीबाई को डॉक्टरों ने दाहोद रेफर कर दिया. रास्ते में कार्तिक और दिव्या ने भी दम तोड़ दिया. जबकि नूरीबाई का इलाज दाहोद में जारी है और उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।
मजदूरी करने गुजरात गया था पति
महिला का पति गुजरात में मजदूरी करता है. घटना के वक्त वह गुजरात गया हुआ था. परिजन का कहना है कि नूरीबाई और मुकेश की शादी 2016 में हुई थी. मां ने ऐसा घातक कदम क्यों उठाया इसकी जांच पुलिस और तहसीलदार कर रहे हैं. वहीं, महिला के कुछ बोलने की स्थिति में होने पर बयान दर्ज किए जाएंगे. पुलिस को आशंका है कि महिला ने खाने में कोई जहरीला पदार्थ मिलाकर खुद और बच्चों को खिलाया होगा. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आत्महत्या के कारणों का पता चल सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *