Warning: Undefined array key 0 in /home/webhutor/nandkesari.com/wp-content/plugins/contact-form-7/includes/file.php on line 268
उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे की मुश्किलें बढ़ीं, ईओडब्ल्यू ने की एफआईआर में पत्नी, भाई, बहू का भी नाम - Nand Kesari || Top News || Latest News

उपनेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे की मुश्किलें बढ़ीं, ईओडब्ल्यू ने की एफआईआर में पत्नी, भाई, बहू का भी नाम

भोपाल। सरकार पर लगातार निशाना साधने वाले विधानसभा में उपनेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस विधायक हेमंत कटारे एक बार फिर मुश्किलों में घिर गए हैं. आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने हेमंत कटारे, पत्नी, भाई और बहू के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है. आरोप है कि हेमंत कटारे और उनके पार्टनर ने बीडीए के अधिकारियों से मिलीभगत कर एक प्लॉट खरीद लिया. इसके बाद इस प्लॉट का लैंड यूज बदलकर इस पर व्यावसायिक गतिविधियां भी शुरू कर दी गईं.
नियम विरूद्ध तरीके से प्लॉट का आवंटन,लैंड यूज भी बदला
ईओडल्ब्यू के अधिकारियों के मुताबिक सामान्य प्रशासन विभाग से प्राप्त हुई शिकायत की जांच में सामने आया है कि भोपाल विकास प्राधिकरण ने मेसर्स हाई स्पीड मोटर्स को नियम विरूद्ध तरीके से प्लॉट का आवंटन किया था. इस फर्म में हेमंत कटारे, योगेश कटारे, नीरा कटारे, रूचि कटारे पार्टनर हैं. इन सभी ने भोपाल विकास प्राधिकरण के तत्कालीन सीईओ केपी राही, ओएसडी मनोज वर्मा और अन्य के साथ आपराधिक षडयंत्र कर बिना टेंडर प्रक्रिया के ही प्लॉट आवंटित करा लिया.
इस प्लॉट का आवासीय उपयोग ही किया जा सकता था, लेकिन बिना दस्तावेजों में संशोधन कराए इस प्लॉट का लैंड यूज बदलकर कमर्शियल कर दिया गया. शिकायत की जांच के बाद हाई स्पीड मोटर्स के सभी पार्टनर के अलावा भोपाल विकास प्राधिकरण के अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है.
लगातार सरकार पर साधते रहे हैं निशाना
हेमंत कटारे कांग्रेस के सीनियर दिवंगत नेता और पूर्व मंत्री सत्यदेव कटारे के बेटे हैं. वे भिंड जिले की अटेर विधानसभा से विधायक हैं. उन्होंने पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को पिछला चुनाव हराया था. विधानसभा में उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे लगातार सरकार पर निशाना साधते रहे हैं. लोकायुक्त और आयकर विभाग द्वारा की गई सौरभ शर्मा और बिल्डर राजेश शर्मा के मामले में वे सरकार को कटघरे में खड़ा करने की कोशिश करते रहे हैं. अब इस मामले से उनकी मुश्किलें बढ़ सकती हैं. हेमंत कटारे पर पहले भी एक मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी. भोपाल के एक पत्रकारिता विश्वविद्यालय की छात्रा ने उन पर ज्यादती और धमकाने के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *