Warning: Undefined array key 0 in /home/webhutor/nandkesari.com/wp-content/plugins/contact-form-7/includes/file.php on line 268
शहर की यातायात कार्ययोजना की हुई समीक्षा प्रस्तावित फ्लाईओवर का हुआ प्रजेंटेशन - Nand Kesari || Top News || Latest News

शहर की यातायात कार्ययोजना की हुई समीक्षा प्रस्तावित फ्लाईओवर का हुआ प्रजेंटेशन

सांसद भारत सिंह कुशवाह व ऊर्जा मंत्री प्रधुम्मन सिंह तोमर रहे मौजूद
ग्वालियर । शहर विकास के रोडमैप में यातायात व्यवस्था को सर्वोच्च स्थान पर रखें। वर्ष 2047 तक विकसित भारत निर्माण के लिये निर्धारित किए गए लक्ष्यों के अनुरूप ग्वालियर शहर के यातायात का प्लान तैयार किया जाए। जिसमें पर्याप्त फ्लाईओवर, सीसीटीव्ही कैमरों व ट्रैफिक सिग्नल से सुसज्जित तिराहों-चौराहों पर सुव्यवस्थित लेफ्ट टर्न एवं पार्किंग इत्यादि का समुचित प्रावधान हो। यह बात सांसद भारत सिंह कुशवाह ने जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कही। यह बैठक ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर की विशेष मौजूदगी में आयोजित हुई।बैठक में सांसद कुशवाह ने कहा कि शहर के यातायात प्लान को मूर्तरूप देने के लिये प्रतिदिन की कार्ययोजना बनाएं। इसके लिये अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए। सांसद कुशवाह ने कहा कि दीपावली त्यौहार के लिये विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू करें। ट्रैफिक प्लान तैयार करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखा जाए कि दीपावली के दौरान फुटपाथ पर दुकान लगाने वाले छोटे व्यवसाइयों का व्यापार प्रभावित न हो। साथ ही बड़े दुकानदारों का कारोबार भी ठीक से चले और यातायात व्यवस्था भी बेहतर बनी रहे। बैठक में शहर में प्रस्तावित आधा दर्जन फ्लाईओवर का प्रजेंटेशन हुआ। देश के प्रतिष्ठित तकनीकी संस्थानों से सर्वे कराकर इन फ्लाई ओवर के निर्माण की कार्ययोजना बनाई जा रही है। इनमें द्वारिकाधीश मंदिर से शहीद गेट होते हुए बारादरी चौराहे को केन्द्र में रखकर प्रस्तावित फ्लाईओवर, पुराने हाईकोर्ट से ऊँटपुल होते हुए हनुमान चौराहे तक, गोले का मंदिर चौराहा फ्लाईओवर, बहोड़ापुर से गोल पहाड़िया एवं गढ़ी गुढ़ा नाका से कम्पू तक प्रस्तावित फ्लाईओवर शामिल हैं।
बैठक में ऊर्जा मंत्री तोमर ने बहोड़ापुर क्षेत्र में प्रस्तावित फ्लाईओवर को मोतीझील से शुरू करने का प्रावधान करने के निर्देश दिए। उपनगर ग्वालियर में मिनी फ्लाईओवर की संभावनायें तलाशने के लिये भी सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों से कहा गया। मंत्री तोमर ने कहा कि चार शहर का नाका की ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिये विशेष उपाय करें। ऊर्जा मंत्री ने निर्देश दिए कि जिन 11 विद्युत पोल के शिफ्टिंग न होने की वजह स्थान की कमी बताई गई है उनका फिर से संयुक्त सर्वे कराएं। मंत्री ने स्पष्ट किया कि यदि दूसरी एजेंसी से सर्वे कराए जाने पर इन पोलों की शिफ्टिंग के लिये उपयुक्त जगह पाई गई तो संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह मानकर कार्रवाई की जायेगी। बैठक में निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ संघ प्रिय ने जानकारी दी कि स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने के कार्य में ढिलाई सामने आने पर कार्य एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। नगर निगम ने यह काम अपने हाथ में ले लिया है। साथ ही स्ट्रीट लाइट के मटेरियल व मानव संसाधन की व्यवस्था के लिये टेंडर जारी कर दिया गया है। बैठक में जिला पंचायत की अध्यक्ष श्रीमती दुर्गेश कुँवर सिंह जाटव, विधायक मोहन सिंह राठौर व सुरेश राजे व भाजपा जिला अध्यक्ष ग्रामीण प्रेम सिंह राजपूत, कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, नगर निगम आयुक्त संघ प्रिय, अपर कलेक्टर कुमार सत्यम व कार्यपालन यंत्री लोक निर्माण देवेन्द्र सिंह भदौरिया समेत जिला सड़क सुरक्षा समिति के अन्य सदस्यगण एवं संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
आईएसबीटी व अन्य बस स्टेण्डों का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करें
सांसद भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि आईएसबीटी से बसों का आवागमन जल्द से जल्द शुरू कराएं। उन्होंने आईएसबीटी के अनुसार बसों के परमिटों में बदलाव की कार्रवाई जल्द से जल्द पूर्ण करने के लिये संभाग आयुक्त को पत्र लिखने के लिये कहा। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में आईएसबीटी से भिण्ड व मुरैना की ओर आने-जाने वाली बसों का संचालन प्रस्तावित है। सांसद कुशवाह ने वर्तमान बस स्टेण्ड एवं झांसी रोड बस स्टेण्ड का बेहतर उपयोग करने के लिये कहा। उन्होंने कहा कि कौन से बस स्टेण्ड से शिवपुरी, गुना व झांसी की ओर जाने वाली कौन दृ कौन सी बस जायेंगीं, इसका स्पष्ट निर्धारण करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *