खजुराहो सांसद वीडी शर्मा ने आरोपों को बताया पूरी तरह निराधार
कटनी। कटनी दौरे पर पहुंचे प्रदेश के परिवहन, स्कूल शिक्षा एवं जिले के प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह और खजुराहो सांसद विष्णु दत्त शर्मा ने कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह के हालिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया दी. दोनों नेताओं ने राम मंदिर, महाकाल मंदिर की जमीन और इंदौर अस्पताल के मुद्दों को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा.
जनता तक योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
प्रभारी मंत्री राव उदय प्रताप सिंह से जब दिग्विजय सिंह के राम मंदिर और इंदौर में छह साल पहले प्रस्तावित सरकारी अस्पताल अब तक शुरू नहीं होने को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह वरिष्ठ नेता हैं और वे उनके हर बयान पर प्रतिक्रिया देना उचित नहीं समझते. इंदौर अस्पताल के मामले में उन्होंने कहा कि कई बार कानूनी प्रक्रियाओं और तकनीकी पेचींदगियों के कारण परियोजनाओं में देरी होती है, लेकिन राज्य सरकार लगातार काम कर रही है. और जनता तक योजनाओं का लाभ जल्द से जल्द पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है.
वीडी शर्मा ने कहा, दिग्विजय सिंह पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें
वहीं, खजुराहो सांसद एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा ने दिग्विजय सिंह के अयोध्या राम मंदिर और उज्जैन महाकाल मंदिर की जमीन से जुड़े आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया. उन्होंने कहा कि पूरा देश जानता है कि दिग्विजय सिंह किस तरह के बयान देते हैं. यदि राम मंदिर ट्रस्ट से जुड़े किसी भी मामले में अनियमितता की शिकायत आई है तो ट्रस्ट ने स्वयं संज्ञान लिया है, सरकार के अनुरोध पर एसआईटी गठित की गई है और निष्पक्ष जांच जारी है.
दिग्विजय सिंह चंदा वापस लेने खटखटाएंगे कोर्ट का दरवाजा, उज्जैन से अयोध्या तक करेंगे पदयात्रा
उन्होंने कहा कि यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. महाकाल मंदिर की जमीन पर आरएसएस के गेस्ट हाउस बनाने के आरोपों पर भी वीडी शर्मा ने पलटवार करते हुए कहा कि दिग्विजय सिंह पहले अपने कार्यकाल का हिसाब दें. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस शासनकाल में चरनोई भूमि के आवंटन को लेकर स्वयं दिग्विजय सिंह ने बाद में उसे अपनी बड़ी गलती बताया था. उन्होंने कहा कि दिग्विजय सिंह लगातार हिंदुत्व और सनातन पर सवाल खड़े कर उसे बदनाम करने की कोशिश करते रहे हैं।
दिग्विजय सिंह पर भाजपा का पलटवार, प्रभारी मंत्री और सांसद वीडी शर्मा ने साधा निशाना
