Warning: Undefined array key 0 in /home/webhutor/nandkesari.com/wp-content/plugins/contact-form-7/includes/file.php on line 268
मेले ने तोडा पिछले वर्ष का रिकार्ड, इस वर्ष 3390 करोड़ का हुआ ऐतिहासिक कारोबार - Nand Kesari || Top News || Latest News

मेले ने तोडा पिछले वर्ष का रिकार्ड, इस वर्ष 3390 करोड़ का हुआ ऐतिहासिक कारोबार

ग्वालियर । प्रसिद्व श्रीमंत माधवराव सिंधिया व्यापार मेले में इस बार 3 हजार करोड़ रूपए से अधिक का कारोबार हुआ। जो पिछले वर्ष से कहीं अधिक है। मेले में इलेक्ट्रोनिक सेक्टर, झूला सेक्टर, ऑटो मोबाइल सेक्टर, फर्नीचर सेक्टर, खान-पान एवं अन्य सेक्टरों में मेला की निर्घारित अवधि में 3 हजार 390 करोड़ रूपए का कारोबार हुआ है। मेले में सथानीय एवं दूर दराज से इलाकों से आए व्यवसायियों ने भी अपने प्रतिष्ठानों के माध्यम से अच्छा कारोबार किया है। मेले की समापन बेला के अवसर पर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री एवं ग्वालियर जिले के प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने मेले की सफलता के लिये व्यापारियों, विभागीय अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, और प्रेस-मीडिया के साथियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।
प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, केन्द्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, प्रदेश के उद्योग मंत्री चेतन कश्यप, उद्यानिकी मंत्री नारायण सिंह कुशवाह, ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर, क्षेत्रीय सांसद भारत सिंह कुशवाह सहित सभी जनप्रतिनिधियों के प्रति ग्वालियर मेले में दिए गए सकारात्मक सहयोग के लिये धन्यवाद ज्ञापित किया है। प्रभारी मंत्री तुलसीराम सिलावट ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम के अधिकारियों को भी मेले की सफलता के लिये बधाई दी है। इसके साथ ही मेला व्यापारी संघ के प्रतिनिधियों, दुकानदारों के प्रति भी धन्यवाद ज्ञापित किया है। मेला सचिव टी आर रावत ने बताया कि ग्वालियर व्यापार मेला वर्ष 2024-25 के लिये 25 दिसम्बर 2024 से प्रारंभ हुआ और 25 फरवरी 2025 को अपनी निर्धारित अवधि समाप्त करने के पश्चात पूर्जा अर्चना के साथ सम्पन्न हुआ। मेले में इस बार 3 हजार 390 करोड़ रूपए का कुल व्यापार हुआ है। इसमें ऑटो मोबाइल सेक्टर में 2 हजार 690 करोड़, झूला सेक्टर में 69 लाख, इलेक्ट्रोनिक सेक्टर में एक करोड़ 87 लाख, फर्नीचर सेक्टर में एक करोड़ 73 लाख, खान-पान सेक्टर में एक करोड़ 9 लाख और मेले के अन्य सेक्टरों में एक करोड़ 64 लाख रूपए का व्यवसाय मेला अवधि में किया गया। गत वर्ष ग्वालियर व्यापार मेले में कुल 1810 करोड़ रूपए का व्यवसाय हुआ था। वहीं इस वर्ष मेले में 1810 करोड़ से बढ़कर 3390 करोड़ रूपए का व्यवसाय हुआ है। जो मेले के इतिहास में अब तक के सर्वाधिक व्यवसाय का रिकार्ड है।
संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने दी बधाई
मेले के सफल आयोजन एवं सर्वाधिक रिकार्ड कारोबार होने पर संभागीय आयुक्त मनोज खत्री ने सभी को बधाई दी है। उन्होंने ग्वालियर व्यापार मेले की सभी व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित करने के लिये जिला कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह, निगम आयुक्त संघ प्रिय सहित मेला व्यापारी संघ, मेला दुकानदारों एवं अन्य सभी को जिन्होंने मेले की व्यवस्थाओं में अपना सकारात्मक सहयोग दिया है, उन्हें बधाई दी है।
ऑनलाइन दुकानों के आवंटन के लिये एप की तैयारी
उन्होंने यह भी कहा है कि आगामी वर्ष में ग्वालियर व्यापार मेला और भव्यता और व्यवस्थाओं के साथ आयोजित हो, इसकी तैयारियां समय रहते की जायेंगीं। उन्होंने यह भी कहा है कि मेले की दुकानों का आवंटन ऑनलाइन हो, इसके लिये मेला प्राधिकरण द्वारा एक एप भी तैयार कराया जा रहा है। छोटे व्यवसाइयों को अपना व्यवसाय करने में सुविधा हो, इसके लिये अगले वर्ष के लिये मेले में एक चौपाटी का निर्माण भी किया जायेगा। इसके साथ ही लैंड स्कैपिंग का कार्य भी कराया जायेगा। झूला सेक्टर के ऊपर से निकल रही विद्युत लाइन की शिफ्टिंग का कार्य भी विद्युत वितरण कंपनी के माध्यम से कराया जायेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *