एशिया कप 2025 : टीम इंडिया के कप्तान का नाम आया सामने, गिल रेस से हुए बाहर

हैदराबाद। भारतीय क्रिकेट टीम इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने के बाद 9 सितंबर से शुरू होने वाले एशिया कप 2025 में खेलने के लिए पूरी तरह तैयार है. लेकिन अभी तक स्क्वाड का ऐलान नहीं किया गया है. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि शुभमन गिल को तीनों फॉर्मेट में भारत का कप्तान नियुक्त किया जा सकता है.
गिल के हालिया इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में बतौर कप्तान प्रदर्शन ने उनको कप्तानी की रेस में सबसे आगे कर दिया था. गिल ने इंग्लैंड में 4 शतकों की मदद से कुल 754 रन बनाए थे, जो कि सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज थे. हेड कोच गौतम गंभीर का भी यही मानना था कि तीनों फॉर्मेट में एक कप्तान होने से कप्तान और कोच के बीच तालमेल अच्छा होता है.
एशिया कप में कौन करेगा कप्तानी?
हालांकि, हालिया घटनाक्रम ने इन खबरों को खारिज कर दिया है और सूर्यकुमार यादव टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारतीय टीम की कप्तानी जारी रखने के लिए पूरी तरह तैयार हैं. बीसीसीआई के एक सूत्र ने ईटीवी भारत को बताया, श्हां, शुभमन गिल के टी20 कप्तान बनने की चर्चा थी, लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है. सूर्या सबसे छोटे प्रारूप में भारत की कप्तानी जारी रखेंगे.श्
उपकप्तान चुनना सबसे बड़ा चैलेंज
बता दें कि एशिया कप के लिए भारतीय टीम के चयन के लिए बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में चयन समिति की बैठक 19 अगस्त को होगी. सूर्यकुमार भी इस बैठक में शामिल होंगे. फिलहाल, वो जापान में है और आज रात बेंगलुरु पहुंचेगा. टी20 टीम का उपकप्तान कौन होगा इस पर मामला फंसा हुआ है. पिछली सीरीज में अक्षर पटेल उपकप्तान थे लेकिन एशिया कप में किसी और को ये जिम्मेदारी दी जा सकती है.
भारत ने आखिरी बार जनवरी 2025 में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी और अक्षर पटेल की उपकप्तानी में इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-1 से जीती थी. उस सीरीज में अभिषेक शर्मा भारतीय टीम के लिए सबसे ज्यादा 279 रन बनाने वाले खिलाड़ी रहे, जबकि वरुण चक्रवर्ती सबसे ज्यादा 14 विकेट लिए थे.
सूर्यकुमार यादव का कप्तानी करियर
सूर्यकुमार ने 2024 के टी20 विश्व कप के बाद रोहित शर्मा से कप्तानी संभाली. भारत के विश्व कप जीतने के बाद रोहित ने छोटे प्रारूप से संन्यास ले लिया और सूर्य ने कमान संभाली. उन्होंने अब तक 22 मैचों में टीम की कप्तानी की है, जिसमें उन्हें 17 मैचों में जीत मिली. जिसकी वजह से उनका जीत प्रतिशत 79.54 है. नेतृत्व के दौरान सूर्य ने 26.57 की औसत से 558 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 4 अर्धशतक शामिल हैं।
एशिया कप 2025 में भारत के मैच
टूर्नामेंट में भारत का पहला मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ है. उसके बाद भारत और पाकिस्तान 14 सितंबर को आमने सामने होंगे, और फिर 19 सितंबर को वो अपना आखिरी ग्रुप मैच ओमान से खेलेंगे. उसके बाद सुपर फोर में हर टीम एक दूसरे से खेले गी, जिसमें भी भारत का मुकाबला पाकिस्तान से होना तय है. फाइनल मैच 28 सितंबर को खेला जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

ayam