भोपाल रेलवे स्टेशन पर अचानक छाया धुआं, यात्रियों को सांस लेने में होने लगी दिक्कत, मचा हड़कंप

स्टेशन पर ट्रेन के जनरेटर कार में लगी आग, शॉर्ट सर्किट की आशंका
भोपाल। सोमवार दोपहर करीब साढ़े 3 बजे भोपाल रेलवे स्टेशन पर भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस की जनरेटर कार से अचानक धुआं उठने लगा. घटना प्लेटफॉर्म नंबर-6 पर हुई, लेकिन धुएं का गुबार प्लेटफॉर्म नंबर-1 तक पहुंच गया. इससे प्लेटफॉर्म पर बैठे यात्रियों को सांस लेने में दिक्कत होने लगी. जिसके बाद रेलवे स्टाफ और इंजीनियरिंग की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया.
शॉर्ट सर्किट की आशंका
भोपाल रेल मंडल के प्रवक्ता नवल अग्रवाल ने बताया कि ष्ट्रेन को प्लेटफॉर्म पर शिफ्ट करने के दौरान पावर ऑन किया गया था, तभी जनरेटर कार में शॉर्ट सर्किट की वजह से धुआं निकलने लगा. प्रारंभिक जांच में तार जलने की बात सामने आई है. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और इंजीनियरों की टीम जांच में जुटी हुई है.ष्
शॉर्ट शर्किट के 20 मिनट बाद पता चली घटना
अधिकारियों की बातचीत में यह भी सामने आया कि शुरुआती कुछ मिनटों तक किसी को स्पष्ट रूप से आग या धुएं का अंदेशा नहीं हुआ. जनरेटर कार के अंदर तकनीकी गड़बड़ी धीरे-धीरे बढ़ती रही, लेकिन करीब 15-20 मिनट बाद जब धुआं तेजी से पूरे प्लेटफॉर्म पर फैल गया, तब कर्मचारियों और मौजूद लोगों को स्थिति की गंभीरता का एहसास हुआ. इसके बाद तुरंत फायर बूस्टर की मदद से आग पर काबू पाया गया.
गनीमत रही की यात्री नहीं थे मौजूद
राहत की बात यह रही कि घटना के समय ट्रेन, प्लेटफॉर्म पर पूरी तरह लगी नहीं थी और उसमें यात्री मौजूद नहीं थे. यह ट्रेन शाम 4 बजकर 50 मिनट पर भोपाल से रवाना होती है. घटना के बाद जनरेटर कार को अलग कर दिया गया और वैकल्पिक इंजन व पावर कार की व्यवस्था की गई. जिसके बाद तकनीकी जांच हुई और ट्रेन को रवाना कर दिया गया.
आरकेएमपी यार्ड में ले जाई गई जनरेटर कार
भोपाल-जोधपुर एक्सप्रेस के रैक को करीब 10 दिन पहले ही आईसीएफ से एलएचबी कोच में बदला गया है. इससे पहले यह ट्रेन पारंपरिक आईसीएफ कोच के साथ संचालित हो रही थी. एलएचबी कोच आधुनिक और ज्यादा सुरक्षित माने जाते हैं. वहीं, घटना के बाद क्षतिग्रस्त जनरेटर कार को हटाकर आरकेएमपी (रानी कमलापति स्टेशन) के पास खड़ा किया गया है. जहां इंजीनियरिंग टीम इसकी जांच कर रही है. सिग्नल क्लियर होने के बाद इसे यार्ड में शिफ्ट किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *