भोपाल। राजधानी में शनिवार को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में राज्यसभा उम्मीदवार मीनाक्षी नटराजन का नामांकन निरस्त होने को लेकर पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया. इस दौरान जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी मनोज राजानी ने भारतीय जनता पार्टी और संवैधानिक संस्थाओं पर तीखा प्रहार किया. राजानी ने इस पूरे घटनाक्रम को लोकतंत्र के इतिहास का काला अध्याय बताते हुए चेतावनी दी कि कांग्रेस इस अन्याय के खिलाफ अब चुप नहीं बैठेगी, बल्कि सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी.
संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग
मनोज राजानी ने कहा कि हम कानून और सुप्रीम कोर्ट के निर्णयों का सम्मान करते हैं, क्योंकि बाबा साहब के संविधान को मानने वाले लोग हैं. लेकिन जिस प्रक्रिया से संविधान का हनन किया गया है, उससे मध्य प्रदेश के कांग्रेसजन बेहद चिंतित हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आगामी विधानसभा, नगर निगम और पंचायत चुनावों में एसडीएम स्तर का रिटर्निंग ऑफिसर होता है. तो क्या ऐसे माहौल में कोई एसडीएम निष्पक्षता से कार्रवाई कर पाएगा? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग, इनकम टैक्स, ईडी, पुलिस और कोर्ट जैसी संस्थाओं पर कब्जा किया जा रहा है.
भाजपा का षड्यंत्र और दोहरे कानून का आरोप
प्रेस कान्फ्रेंस में राजानी ने मीनाक्षी नटराजन को एक साफ-सुथरी छवि वाली गांधीवादी नेता बताया. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के खिलाफ एक गहरा षड्यंत्र रचा है. राजानी ने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस की प्रत्याशी राज्यसभा जीत भी जाती, तो भाजपा की सरकार गिर नहीं जाती. फिर भी भाजपा नेताओं ने छल-कपट का सहारा लिया. उन्होंने पूछा कि क्या भाजपा और कांग्रेस के लिए देश में अलग-अलग कानून हैं? कई ऐसे मंत्री हैं जिन पर मुकदमें चल रहे हैं और उन्होंने जानकारी छिपाई है, तो क्या उन पर भी ऐसी ही कार्रवाई की जाएगी.
सड़कों पर आंदोलन की चेतावनी
मनोज राजानी ने कहा कि रिटर्निंग ऑफिसर ने जो करतूतें करनी थीं, वो कर लीं. और हमारी कहीं सुनवाई नहीं हो रही है. इसलिए आगामी विधानसभा सत्र शुरू होते ही कांग्रेस उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आएगी. इसके साथ ही पीसीसी के निर्देश पर मध्य प्रदेश के प्रत्येक जिले और ब्लॉक स्तर पर तत्परता से आंदोलन किए जाएंगे. उन्होंने कहा कि इस अन्याय के खिलाफ लड़ाई अब सड़कों पर लड़ी जाएगी और वे जल्द ही इसके लिए कानूनी विकल्प के रूप में रिट पिटीशन दायर करेंगे।
मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होना लोकतंत्र की हत्या, भाजपा के खिलाफ सड़क पर उतरेगी कांग्रेस
