ग्वालियर । जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्य में और तेजी लाने के लिये कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी रविवार के दिन भी मैदान में रहे। कलेक्टर श्रीमती चौहान ने विधानसभा क्षेत्र ग्वालियर पूर्व के अंतर्गत सिद्धेश्वर कॉलोनी, रामनगर व अशोक कॉलोनी क्षेत्र का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान केन्द्र क्रमांक-115, 116, 117, 118 119 के अंतर्गत एसआईआर के तहत हो रहे ईएफ (गणना पत्रक) के संग्रहण व डिजिटाइजेशन कार्य की वस्तुस्थिति जानी।
कलेक्टर श्रीमती रुचिका चौहान ने इन मतदान केन्द्रों के बीएलओ को प्रोत्साहित किया। साथ ही उनसे कहा कि वे इसी तरह मेहनत व लगन के साथ काम कर 26 नवम्बर तक ईएफ संग्रहण व डिजिटाइजेशन का काम पूर्ण कर लें। उन्होंने भ्रमण के दौरान विभिन्न घरों में दस्तक देकर मतदाताओं से आग्रह किया कि वे जल्द से जल्द अपना गणना पत्रक भरकर बीएलओ को वापस करें, जिससे उनके ईएफ डिजिटाइज्ड कराए जा सकें। कलेक्टर ने मतदाताओं से कहा कि यदि आप सब अपने भरे हुए ईएफ वापस नहीं करेंगे तो मतदाता सूची में नाम शामिल नहीं हो पायेगा। जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के रजिस्ट्रकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों ने भी रविवार को अपने-अपने क्षेत्र का भ्रमण कर ईएफ डिजिटाइजेशन कार्य में बीएलओ की मदद की। साथ ही स्थानीय निवासियों से जल्द से जल्द ईएफ जमा करने के लिये आग्रह किया। इस मौके पर अपर कलेक्टर कुमार सत्यम भी उनके साथ थे।
लगभग 40 प्रतिशत ईएफ हुए डिजिटाइज्ड
जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत रविवार को सायंकाल 6.20 बजे तक 39.42 प्रतिशत गणना पत्रकों (ईएफ) का डिजिटाइजेशन हो चुका है। बीएलओ, सुपरवाइजर एवं रजिस्ट्रीकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी सुबह से लेकर देर रात तक इस काम में जुटे हैं। जिला निर्वाचन कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र 18 भितरवार ईएफ डिजिटाइजेशन में जिले में अग्रणी है। भितरवार विधानसभा क्षेत्र में अब तक 58.42 प्रतिशत ईएफ डिजिटाज्ड किए जा चुके हैं। इसी तरह विधानसभा क्षेत्र 14 ग्वालियर ग्रामीण में 44.06 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र 15 ग्वालियर में 30.35 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र 16 ग्वालियर पूर्व में 34.44 प्रतिशत, विधानसभा क्षेत्र 17 ग्वालियर दक्षिण में 31.99 प्रतिशत एवं विधानसभा क्षेत्र 19 डबरा में रविवार को सायंकाल 6.20 बजे तक 41.15 प्रतिशत गणना पत्रक डिजिटाइज्ड कर लिए गए हैं।
ईएफ डिजिटाइजेशन में तेजी लाने के लिये कलेक्टर छुट्टी के दिन भी मैदान में उतरीं
