भोपाल। भोपाल की जिला अदालत मे उस समय हड़कंप मच गया जब जज के सामने ही भोपाल के पूर्व सांसद आलोक संजर के एडवोकेट बेटे अनंत संजर पर हमला हो गया. आरोपी ने उन्हें थप्पड़ मारे और कपड़े खींचे जिससे उनकी शर्ट के बटन टूट गए. हमले में उनकी आंख के पास चोट आई है. आरोपी उनका साला है. आरोपी ने जज के सामने ही उन्हें धमकी दी और झूमाझटकी की. अनंत संजर ने एमपी नगर थाने मे इसकी एफआईआर दर्ज करवाई है. अदालत की सुरक्षा बढ़ा दी गई है.
घटना मंगलवार की है. बताया जा रहा है कि वे पारिवारिक विवाद में काउंसलिंग के लिए पत्नी के साथ कोर्ट पहुंचे थे. इसी दौरान उनका सगा साला विद्युत भटनागर कोर्ट में ही उनसे अभद्रता करने लगा. धमकाते हुए कहा- ष्तेरी वकालत बंद कर दूंगा, तुझे बाहर देख लूंगा. वकील पर हमले के दौरान वहां अफरा-तफरी मच गई. पुलिस बल बुलाना पड़ा.
जज के सामने भी आरोपी ने की बदसलूकी
अनंत संजर के मुताबिक, जज के सामने भी आरोपी लगातार बदसलूकी करता रहा. कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही उसने झूमाझटकी शुरू कर दी. चेहरे पर नोचने की कोशिश में नाखून लगने से अनंत को आंख के पास चोट आई और खून निकल आया. अनंत संजर ने बताया, मैं अपनी पक्षकार के साथ काउंसलिंग के लिए कोर्ट पहुंचा था. मेरी पक्षकार आरोपी विद्युत भटनागर की पत्नी हैं. इसी दौरान विद्युत आया और अभद्रता करते हुए मुझे धमकाने लगा. उसने कोर्ट रूम मे ही मारपीट शुरू कर दी.
साले की पत्नी के केस में खुद वकील थे अनंत संजर
घटना के बाद एडवोकेट अनंत संजर एमपी नगर थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई. उन्होंने बताया कि आरोपी साले की पत्नी ने पहले से ही उसके खिलाफ दहेज प्रताड़ना सहित अन्य मामले दर्ज करा रखे हैं. लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है. साले की पत्नी के केस में वह खुद वकील थे.
पूर्व सांसद बोले- कानून अपना काम करे
वहीं, पूर्व सांसद आलोक संजर ने कहा कि वे विवाद नहीं चाहते, कानून अपना काम करे. इधर एमपी नगर थाना प्रभारी जयहिन्द शर्मा ने बताया, आरोपी को पुलिस अभिरक्षा ले लिया गया है. घटना के बाद कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है. घटना के बाद सभी वकील अपना काम बंद कर कोर्ट रूम के बाहर जमा हो गए और नारेबाजी करने लगे. भारी पुलिस बल की मौजूदगी मे वकील घटना का विरोध जताते रहे।
भोपाल जिला कोर्ट में हंगामा, जज के सामने ही पूर्व भाजपा सांसद के बेटे से आरोपी ने बदसलूकी
