भोपाल। महिला आरक्षण के मुद्दे पर मध्य प्रदेश में सियासत गरमाई हुई है. बीजेपी की आक्रोश रैली के बाद अब कांग्रेस काउंटर अटैक की तैयारी कर रही है. बीजेपी के बाद अब प्रदेश कांग्रेस के तमाम बड़े नेता सड़क पर उतरने जा रहे हैं. कांग्रेस नेता 24 अप्रैल को राजधानी भोपाल में बड़ा मार्च निकालने जा रही है. इस मार्च में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के अलावा पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह सहित तमाम बड़े नेता शामिल होंगे. कांग्रेस के मुताबिक राजधानी भोपाल के बाद प्रदेश भर में इस तरह की रैलियां निकालकर बीजेपी के झूठ का पर्दाफाश किया जाएगा.
23 को प्रदर्शन, 24 को मार्च निकालेगी कांग्रेस
नारी वंदन अधिनियम को विपक्ष का साथ न मिल पाने को लेकर बीजेपी लगातार कांग्रेस पर निशाना साध रही है. मध्य प्रदेश बीजेपी द्वारा महिला आरक्षण के मुद्दे पर सोमवार को राजधानी भोपाल में आक्रोश पदयात्रा निकाली थी, इसमें मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अलावा महिला मंत्री, सांसद और बीजेपी कार्यकर्ता शामिल हुए थे. इसके जवाब में अब कांग्रेस 24 अप्रैल को भोपाल में रैली निकालने जा रही है।
कांग्रेस निकालेगी मार्च
मध्य प्रदेश मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने आरोप लगाया कि केन्द्र की मोदी सरकार महिला आरक्षण बिल को लेकर जनता को गुमराह कर रही है. केन्द्र सरकार द्वारा 2023 में पारित महिला आरक्षण के अनुसार लोकसभा की वर्तमान सीटों पर आरक्षण लागू करने के मामले में कांग्रेस तैयार है, लेकिन सरकार की नीयत में खोट है और अब कांग्रेस और विपक्षी पार्टियों पर आरोप लगा रही है। बीजेपी की हकीकत जनता तक ले जाने के बाद कांग्रेस 24 मार्च को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में राजधानी भोपाल में मार्च निकालेगी. इसके बाद प्रदेश भर में इस तरह के मार्च निकाले जाएंगे. कांग्रेस 23 मार्च को इसको लेकर प्रदर्शन भी करेगी।
उधर बीजेपी जिलों-ब्लॉक तक जाएगी
उधर राजधानी भोपाल में आक्रोश पदयात्रा निकालने के बाद बीजेपी अब जिला और मंडल स्तर तक आंदोलन को ले जाने की तैयारी कर रही है. पार्टी की महिला मोर्चा की अध्यक्ष अश्विनी परांजपे के मुताबिक ष्पार्टी ने तय किया है कि प्रदेश भर में जिला और मंडल स्तर पर प्रदर्शन किए जाएंगे. यह प्रदर्शन कब-कब होंगे, इसका चरणबद्ध कार्यक्रम तैयार किया जा रहा है. बीजेपी जिला स्तर तक होने वाले प्रदर्शन में बड़े नेताओं को उतारने की भी तैयारी कर रही है. पार्टी की कोशिश इन सभी कार्यक्रमों में बड़े स्तर पर स्थानीय महिलाओं को जुटाने की हैं इसके पहले बीजेपी ने सोमवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में भोपाल से आक्रोश रैली की शुरूआत की है।
एमपी: बीजेपी के आक्रोश के बाद 24 अप्रैल को कांग्रेस निकालने जा रही बड़ा मार्च,महिला आरक्षण पर तकरार
