भोपाल। शिवपुरी के पिछोर से बीजेपी विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने जिस तरह से करैरा एसडीओपी डॉ आयुष जाखड़ को लेकर जो आपत्तिजनक टिप्पणी की है. उसे लेकर अब पूरा आईपीएस एसोसिएशन सामने आ गया है. आईपीएस एसोसिएशन ने जनप्रतिनिधि की भाषा और व्यवहार की निंदा करते हुए एक पत्र जारी किया है.
आईएपीएस एसोसिएशन इस मामले को लेकर मुख्यमंत्री से मुलाकात करने जा रहा है. सीधे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर इस पूरे मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग करेगा. आईपीएस एसोसिएशन का अफसोस ये भी है कि सिविल सर्विस डे के दिन ये पत्र जारी करना पड़ा.
प्रीतम लोधी के बयान पर आईपीएस एसोसिएशन की कड़ी आपत्ति
प्रीतम लोधी जिस तरह से करैरा एसडीओपी आईपीएस डॉ आयुष जाखड़ को लेकर लगातार बयान दे रहा थे. आखिरकार उस मामले में आयुष जाखड़ के समर्थन में पूरा आईपीएस एसोसिएशन साथ आ गया है. भारतीय पुलिस सेवा संघ के अध्यक्ष चंचल शेखर ने इस मामले को लेकर मंगलवार को एक पत्र जारी किया है।
आईपीएस एसोसिएशन ने जारी किया पत्र
इस पत्र में लिखा गया है कि पिछोर से विधायक प्रीतम सिंह लोधी ने करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ के संबंध में मीडिया में वायरल वीडियो में जिस प्रकार की अभद्र, अमर्यादित और धमकी भरी भाषा का प्रयोग किया गया. ये निंदनीय और सार्वजनिक जीवन की गरिमा के विपरीत है.
विधायक प्रीतम लोधी पर कड़ी कार्रवाई की मांग
आईपीएस एसोसिएशन ने इस पत्र में लिखा कि जनप्रतिनिधियों से ये अपेक्षा की जाती है कि वे अपने आचरण एवं भाषा को संयमित और मर्यादित रखें. इस प्रकार की अमर्यादित भाषा और धमकी पूर्ण व्यवहार को किसी भी लोकतांत्रित व्यवस्था में स्वीकार्य नहीं किया जाता. ये प्रशासनिक तंत्र की निष्पक्षता को आहत करता है. संघ ने इसकी निंदा करते हुए विधायक प्रीतम लोधी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है.
सीएम से मुलाकात करेगा एसोसिएशन
आईपीएस एसोसिएशन ने ये भी कहा कि ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि आज सिविल सेवा डे के दिन, सिविल सेवा के एक अधिकारी के साथ किए गए इस तरह के व्यवहार के संबध में नोट जारी करना पड़ रहा है. अब एसोसिएशन को पूर्व आईपीएस अधिकारियों का भी समर्थन मिल रहा है. एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री से भी मुलाकात का समय मांगा है. इसके बाद मुख्यमंत्री से मुलाकात करके विधायक के खिलाफ जरुरी और कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी।
जहां विधायक के लोग जुटेंगे वहां विरोध को पहुंचेंगे कर्मचारी
मध्य प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी महासंघ भी एसडीओपी आयुष जाखड़ के समर्थन में आ गया है. महासंघ के प्रदेश महामंत्री उमाशंकर तिवारी ने कहा, ष्ये जो कुछ हुआ ऐसा नहीं होना चाहिए था. इससे तो ऐसा लग रहा है कि प्रदेश में कानून बचा ही नहीं है. जिस तरह से विधायक प्रीतम लोधी धमकी भरे बयान दे रहे हैं कि घर में गोबर भर दूंगा, सबक सिखा दूंगा. इस प्रकार की भावना संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति ने की हैं।
इसे लेकर महासंघ ये घोषणा करता है कि अगर विधायक प्रीतम लोधी 10 हजार लोगों को लेकर एसडीओपी के घर गोबर लेकर पहुंचेंगे तो प्रदेश तृतीय वर्ग कर्मचारी महासंघ के बैनर तले प्रदेश से लाखों की तादाद में कर्मचारी विरोध के लिए वहां जुटेंगे।
एमपी: प्रीतम लोधी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की तैयारी में आईपीएस एसोसिएशन,मोहन यादव से की कड़ी कार्रवाई की मांग
