भोपाल। मध्य प्रदेश में नौपता में तेज गर्मी से बारिश ने राहत दी है. शनिवार देर रात राजधानी भोपाल सहित कई जिलों में तेज हवाएं चलीं. प्रदेश के 20 से ज्यादा जिलों में बारिश भी हुई. मौसम विभाग ने प्रदेश के करीबन 43 जिलों में तेज हवाएं, बारिश और कहीं-कहीं ओले गिरने की भी संभावना जताई है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिन तक प्रदेश में इसी तरह की स्थिति रहेगी. इससे दिन और रात के तापमान में गिरावट आएगी. मौसम विभाग के मुताबिक मानसून लगातार आगे बढ़ रहा है और इसके लिए परिस्थितियां अभी अनुकूल बनी हुई हैं.
मध्य प्रदेश में अब मिली लू से राहत…
मौसम केन्द्र भोपाल के मुताबिक बीती रात प्रदेश के विदिशा, रायसेन, सांची, नरसिंहपुर, जबलपुर, दमोह, खंडवा, बैतूल, छिंदवाड़ा, नीमच में 60 किलोमीटर तक की रफ्तार से धूल भरी आंधी चली. यही स्थिति भोपाल, सागर, सिवनी, खरगौन, हरदा, नर्मदापुरम, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन, धार, इंदौर, देवास, सीहोर, अषोकनगर, नरसिंहपुर, सिवनी, शाजापुर, मंदसौर, मुरैना में देखी गई. राजधानी भोपाल में तेज धूल भरी आंधी से कई स्थानों पर बिजली गुल हो गई. हालांकि बदले हुए मौसम ने प्रदेश के लोगों को लू से राहत दी है. मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक प्रदेश में कहीं भी लू की चेतावनी जारी नहीं की है.
तेज हवा और बारिश की वजह से तापमान में आई कमी
तेज हवा और बारिश की वजह से गर्मी से उबल रहे प्रदेश को राहत मिली है. मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा के मुताबिक प्रदेश के छतरपुर जिले के नौगांव, निवाड़ी, टीकमगढ़ जिलों में दिन के तापमान में 12 डिग्री तक गिरावट दर्ज की गई है. मौसम विभाग के मुताबिक अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कई जिलों में बारिश होगी।
1 जून को प्रदेश के भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर, टीकमगढ, निवाड़ी, दतिया, मुरैना, गुना, राजगढ़, आगरमालवा, नीमच, मंदसौर, रतलाम, उज्जैन खरगौन, खंडवा, हरदा, बैतूल, नर्मदापुरम, रायसेन, नरसिंहपुर, छिंदवाडा सिवनी, बालाघाट, मंडला, कटनी, पन्ना, छतरपुर जिलों में तेज हवाएं चलने और कई स्थानों पर गरज के साथ बारिश की संभावना जताई गई है.
2 जून को प्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगौन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास राजगढ़, आगरमालवा, गुना, सीहोर, हरदा, नर्मदापुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट, मंडला डिंडौरी में तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई गई है.
मध्य प्रदेश का मौसम अपडेट
3 जून को प्रदेश के नीमच, मंदसौर, रतलाम, झाबुआ, धार, अलीराजपुर, बड़वानी, खरगौन, बुरहानपुर, खंडवा, देवास राजगढ़, आगरमालवा, गुना, हरदा, नर्मदापुर, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, बालाघाट सहित कई जिलों में में तेज हवाएं चलने और गरज के साथ बौछारे पड़ने की संभावना जताई गई है.
मानसून बढ़ रहा आगे
मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून दक्षिण पश्चिम एवं दक्षिण पूर्व अरब सागर, लक्षद्वीप द्वीपप समूह, दक्षिण पश्चिम, दक्षिण पूर्व और बंगाल की खाड़ी के कुछ और भागों में आगे बढ़ गया है. आने वाले 4 से 5 दिनों में मानसून के बंगाल की खाड़ी के बाकी स्थानों में आगे बढ़ने की पस्थितियां अनुकूल हैं. अगर यही परिस्थितियां बनी रहीं, तो मध्य प्रदेश में 15 जून तक मानसून पहुंच सकता है।
एमपी में अगले तीन दिन बारिश के आसार,दिन-रात के तापमान में आएगी गिरावट
