ग्वालियर। भीषण गर्मी के बीच जनशक्ति वेलफेयर सोसायटी द्वारा बेजुबान पशु-पक्षियों की प्यास बुझाने के लिए शहरभर में जल पात्र एवं पानी की टंकियां रखने का अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। सोसायटी के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजसेवी अरुणेश सिंह भदौरिया के नेतृत्व में यह सेवा कार्य निस्वार्थ भाव से संचालित किया जा रहा है।
अरुणेश सिंह भदौरिया ने बताया कि मानव कल्याण के साथ-साथ पशु-पक्षियों एवं अन्य मूक प्राणियों की सेवा भी हमारी नैतिक जिम्मेदारी है। गर्मी के इस मौसम में जल की कमी के कारण अनेक बेजुबान जीवों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इसी उद्देश्य से जनशक्ति वेलफेयर सोसायटी द्वारा शहर के विभिन्न स्थानों पर पानी की टंकियां एवं जल पात्र स्थापित किए जा रहे हैं।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि वे अपने घर, दुकान, कार्यालय एवं मोहल्लों के बाहर पानी की व्यवस्था कर इस पुण्य कार्य में सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पशु-पक्षियों को राहत मिल सके।
“एक पात्र पानी, अनेक जीवनों की मुस्कान” के संदेश के साथ सोसायटी का यह अभियान लगातार जारी है।
