मुख्यमंत्री मोहन यादव 13 से 19 जुलाई तक यूएई और स्पेन की यात्रा पर रहेंगे
भोपाल। प्रदेश में विदेशी निवेशको को आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 7 दिन की विदेश यात्रा पर रवाना हो गए हैं. मुख्यमंत्री 15 जुलाई तक दुबई में रहेंगे और इस दौरान उद्योगपतियों से मुलाकात करेंगे. इसके बाद बुधवार को वह स्पेन के लिए रवाना होंगे. मुख्यमंत्री की यात्रा की शुरूआत दुबई के होटल अटलांटिस में ब्रांड मध्य प्रदेश के कार्यक्रम से होगी. मुख्यमंत्री दुबई में इंडियन बिजनेस एंड प्रोफेशनल काउंसिल और लुलू, लैंडमार्क जैसे कई बड़े समूहों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे और प्रदेश में रिटेल, लॉजिस्टिक्स के क्षेत्र में इंवेस्टमेंट को लेकर चर्चा करेंगे।
पहले दिन दुबई से होगी शुरूआत
मुख्यमंत्री दुबई में पहले दिन प्रवासी भारतीयों, उद्योगपतियों और फ्रेंड्स ऑफ एमपी के साथ चर्चा करेंगे. यह कार्यक्रम दुबई के होटल अटलांटिस में होगा. इसमें प्रदेश में निवेश के अवसरों, सांस्कृतिक पहचान को दिखाने वाली लघु फिल्म दिखाई जाएगी. इसके अलावा प्रदेश की विविधता और क्षमताओं को दिखाने वाली थीम पर आधारित प्रदर्शनी के जरिए प्रवासी भारतीयों को मध्य प्रदेश की बदलती तस्वीर से रूबरू कराएंगे.
उद्योगपतियों से करेंगे चर्चा
मुख्यमंत्री दुबई में मौजूद भारतीय मूल के प्रमुख उद्योगपतियों और कॉर्पाेरेट प्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे. इस दौरान सीएम ईएसडीएम, फार्मा, टेक्सटाइल, ग्रीन हाइड्रोजन और दूसरे निवेश के लिए संभावित क्षेत्रों पर उद्योगपतियों से चर्चा करेंगे. इस दौरान निवेश के लेकर मध्य प्रदेश की नीतियों, प्रदेश के इंफ्रस्ट्रक्चर और सरकार की सक्रिय भागीदारी को लेकर चर्चा की जाएगी.
एमपी के सेक्टर्स की जानकारी देंगे सीएम
उद्योग समूहों के प्रतिनिधियों के साथ मुख्यमंत्री निवेश संवाद में शामिल होंगे. इस दौरान प्रदेश में विकसित किए जा रहे पीएम मित्र पार्क, लॉजिस्टिक हब, ग्रीन एनर्जी जोन और एक जिला- एक उत्पादन जैसे तमाम सेक्टरों की जानकारी दी जाएगी. मुख्यमंत्री रात में उद्योगपतियों और प्रवासी भारतीयों के साथ रात्रि भोज भी करेंगे।
एमपीः मुख्यमंत्री 7 दिन की विदेश यात्रा पर रवाना, निवेशकों, उद्यमियों से करेंगे चर्चा
