आसमान में दूर तक दिखीं आग की लपटें, 8 लाख की सब्जी जलकर खाक
मुरैना। सबलगढ़ की सब्जी मंडी में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. कुछ ही देर में मंडी में रखी सब्जियां आग की लपटों में घिर गई. प्रारंभिक अनुमान के अनुसार करीब 8 लाख रुपए की सब्जियां जलकर राख हो गईं. सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और करीब आधा दर्जन गाड़ियों से पानी डालकर आग पर काबू पाया. घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे. फिलहाल आग पूरी तरह बुझ चुकी है।
सबलगढ़ सब्जी मंडी में लगी भीषण आग
मुरैना की सबलगढ़ तहसील की सब्जी मंडी में आज सुबह अचानक लगी भीषण आग से व्यापारियों में हड़कंप मच गया. आग आलू के एक गोदाम में लगी और देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया. कुछ ही मिनटों में गोदाम से उठती आग की तेज लपटें और धुएं का गुबार पूरे मंडी परिसर में फैल गया. जिसने अन्य गोदामों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थिति बिगड़ती देख व्यापारियों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
6 पानी के टैंकरों से बुझाई गई आग
खबर मिलते ही पुलिस, राजस्व विभाग के अधिकारी और दमकल की टीम मौके पर पहुंच गई. शुरुआत में सबलगढ़ की दमकल ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन लपटें इतनी तेज थी कि आग पास में रखी लहसुन की बोरियों तक पहुंच गई. हालात को देखते हुए प्रशासन ने कैलारस, झुंडपुरा और गेल इंडिया से भी दमकल वाहन बुलाए. करीब छह से अधिक पानी के टैंकरों और ढाई घंटे की लगातार मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
7-8 लाख रुपए की सब्जियां जलकर खाक
इस आग की घटना में 5 व्यापारियों की करीब 7 से 8 लाख रुपए से अधिक कीमत की आलू, लहसुन और अन्य सब्जियां जलकर राख हो गईं. गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद होगी. राजस्व विभाग नुकसान का आकलन कर रहा है. अचानक हुई इस घटना ने मंडी के व्यापारियों की मेहनत पर पानी फेर दिया और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं.
आग पर नियंत्रण, नुकसान का आंकलन
सब्जी मंडी आगजनी के मामले में सबलगढ़ एसडीएम मेघा तिवारी ने बताया कि ष्बुधवार सुबह सब्जी मंडी में अचानक आग लगने से करीब 7 से 8 लाख रुपए का नुकसान हुआ है. सूचना मिलते ही दमकल की टीमें मौके पर पहुंची और आधा दर्जन से अधिक पानी के टैंकरों की मदद से आग पर काबू पाया गया. फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है।
मुरैना सब्जी मंडी में भीषण आग, आलू गोदाम से उठीं लपटें, लाखों की सब्जियां जलकर खाक
