भोपाल/दतिया। पूर्व मंत्री नरोत्तम मिश्रा का दतिया से टिकट कटने के बाद पूरी विधानसभा में मचे विरोध के शांत होने के बाद सोमवार को बीजेपी उम्मीदवार आशुतोष तिवारी ने नामांकन दाखिल किया. जिसके बाद पार्टी की जनसभा भी हुई. सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि दतिया के विकास के लिए दतियावासी अगर 100 करोड़ का भी काम बताएंगे तो वो भी हम करने के लिए तैयार हैं. उन्होंने कहा कि यहां पार्टी का कोई उम्मीदवार नहीं है. बस हमारी पार्टी है. उसके लिए चुनाव चिन्ह भगवान के बराबर है.
कांग्रेस पर बरसे मोहन, बोले 80 फीसदी हिस्से से कांग्रेस लापता
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कांग्रेस को लेकर कहा कि ष्कांग्रेस और उसकी मानसिकता जमीन पर टिकने वाली नहीं होती. उन्हें जमीन का होश नहीं और सारा आसमान खरीदने की बात करते हैं. उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी लगातार आगे बढ़ रही है. देश के 80 फीसदी हिस्से से कांग्रेस लापता हो चुकी है. भाजपा के आगे कांग्रेस का अता-पता नहीं लगता, लेकिन, रस्सी जल गई पर बल नहीं गया.
आशुतोष तिवारी का नामांकन जमा कराते मोहन यादव
कांग्रेस 1956 में पहली बार राज्य की सत्ता में आई. तब से लेकर साल 2002-03 तक प्रति व्यक्ति आय 11 हजार रुपये साल थी. बीजेपी के शासनकाल में दतिया कहां से कहां पहुंच गया. यहां हुआ विकास भाजपा की ही देन है. कांग्रेस के शासनकाल में पहले डाकू और फिर नक्सली खून की नदियां बहाते थे. इस पर भी कांग्रेस के लोगों को शर्म नहीं आती थी. कांग्रेस केवल वोट बैंक की राजनीति करती है, उसे जनता से कोई मतलब नहीं.
यूसीसी पर बात नहीं कर पा रही कांग्रेस
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि जब एक देश-एक विधान-एक प्रधान-एक राष्ट्रगान-एक निशान है, तो अलग-अलग वर्गों के लिए अलग-अलग कानून क्यों होने चाहिए. आज कांग्रेस समान नागरिक संहिता पर चर्चा करने को भी तैयार नहीं है. उनकी राजनीति विकास के बजाय जाति और धर्म के आधार पर समाज को बांटने की रही है. 55 साल में कांग्रेस ने कुछ नहीं किया. कांग्रेस की परंपरा है कि वह नेताओं के करीबियों-रिश्तेदारों को टिकट दे देती है. यह परंपरा उसे ही मुबारक. हमारी पार्टी कार्यकर्ताओं को लेकर चलती है. हमारी पार्टी राजा-महाराजा की पार्टी नहीं है. यह सनातन संस्कृति की पार्टी है।
