भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो की ब्लू लाइन की जद में आने वाले घर और दुकान मालिकों की चिंता बढ़ गई है. प्रशासन इन्हें हटाने के लिए नोटिस जारी करने वाला है, लेकिन दुकानदार इससे सहमत नहीं है. मध्य प्रदेश मेट्रो कॉर्पोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि इस मार्ग में 1200 निर्माण आ रहे हैं. इनको हटाने के लिए नोटिस तैयार किए जा रहे हैं. इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
13 किलोमीटर की होगी एलिवेटेड ब्लू लाइन
भेल क्षेत्र में स्थित रत्नागिरी तिराहे से भदभदा पुल तक भोपाल मेट्रो की ब्लू लाइन बननी है. 13 किलोमीटर का यह पूरा मार्ग एलिवेटेड (जमीन के ऊपर खंभों के सहारे बनाया जाता है) होगा. निर्माण कंपनी ने ब्लू लाइन पर काम शुरू कर दिया है. इसके तहत जेके रोड क्षेत्र में पिलर्स के लिए लोहे के जाल बिछने लगे हैं. पिलर्स पर ही स्लैब बिछेगी और यहां पटरियों का काम होगा. इधर ब्लू लाइन में बाधा बन रहे निर्माणों को जिला प्रशासन और मेट्रो की टीम ने चिंहित कर लिया है. ब्लू लाइन की जद में आ रही संपत्तियों का मुआवजा कलेक्टर द्वारा निर्धारित दर पर दिया जाएगा.
ब्लू लाइन से खत्म हो जाएगा जहांगीराबाद बाजार
मेट्रो रेल लाइन निर्माण की जद में आ रहे भवनों में से 700 की प्रशासन ने नियमित सुनवाई शुरू की है. तहसीलदार और एसडीएम कोर्ट में इन्हें सुना जा रहा है. लेकिन मुआवजे की राशि व विस्थापन की नीति से मकान मालिक और दुकानदार सहमत नहीं हैं. दरअसल ब्लू लाइन की चपेट में जहांगीराबाद का पूरा बाजार आ रहा है. यहां 200 से अधिक दुकान और मकान मेट्रो लाइन की जद में आ रहे हैं. इसलिए यहां के दुकानदार मेट्रो के अधिग्रहण का विरोध कर रहे हैं.
जिला प्रशासन खाली कराएगा जमीन
मध्य प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के एमडी एस कृष्णा चौतन्य ने बताया, ष्मेट्रो की ब्लू लाइन का काम शुरू हो गया है. इसकी जद में जो भी मकान-दुकान आ रहे हैं. उनको खाली कराने की जिम्मेदारी जिला प्रशासन की है. अभी संपत्ति मालिकों को नोटिस देने की तैयारी है. इसके बाद यदि लोग अपनी इच्छा नहीं हटेंगे, तो जिला प्रशासन, नगर निगम और पुलिस की मदद से जमीन खाली कराई जाएगी।
1000 से अधिक लोगों को किया विस्थापित
बता दें कि एम्स अस्पताल से सुभाष नगर डिपो तक ऑरेंज लाइन का काम किया जा रहा है. इसका करीब 95 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है. इस रूट पर मेट्रो भी दौड़ाई जा रही है. ऑरेंज लाइन में भी एम्स से सुभाष नगर के बीच आ रहे करीब 1000 निर्माण हटाए जा चुके हैं. जबकि सुभाष नगर से करोंद के बीच आ रहे मकान-दुकान मालिकों को भी नोटिस दिया जा चुका है।
भोपाल मेट्रो की ब्लू लाइन का काम चालू, 1200 से अधिक संपत्तियों पर चलेगा बुलडोजर
