शहडोल। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ आरएसएस चीफ मोहन भागवत पहली बार शहडोल जिले के दौरे पर पहुंचे हैं. बुधवार को उनके शहडोल आगमन को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. सुरक्षात्मक दृष्टि से चाक चौबंद व्यवस्था की गई है. चप्पे-चप्पे पर पुलिस की पैनी नजर है. मंगलवार को दिनभर आसपास के इलाके में चेकिंग की गई. जगह-जगह पर पुलिस प्रशासन अलर्ट है.
शिविर में हिस्सा लेंगे सैकड़ों प्रशिक्षार्थियों
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत शहडोल जिला मुख्यालय के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर में चल रहे आरएसएस के संघ शिक्षा कार्यकर्ता विकास वर्ग एक में प्रशिक्षार्थियों के वर्ग में शिरकत करेंगे. वह प्रतिदिन सुबह और शाम एक-एक सत्र लेंगे. शहडोल में 7 जून तक चलने वाले संघ शिक्षा कार्यकर्ता विकास वर्ग एक में मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ से लगभग 450 प्रशिक्षणार्थी शामिल हुए हैं, यहां किसी भी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह से प्रतिबंधित है.
शहडोल में 3 दिन चलेगा आरएसएस का कार्यक्रम
शहडोल पहुंचे मोहन भागवत
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत बुधवार को सुबह करीब 8ः00 बजे कटनी तक ट्रेन से पहुंचें. जहां से सड़क मार्ग के माध्यम से शहडोल आए. उनका कार्यक्रम शहडोल जिला मुख्यालय के पांडव नगर स्थित सरस्वती स्कूल परिसर में प्रस्तावित किया गया है. डॉ. मोहन भागवत को जेड प्लस श्रेणी की सुरक्षा दी जाएगी, सुरक्षा व्यवस्था के लिए लगभग 350 अधिकारी कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है. जिनमें डीएसपी रैंक के अधिकारी सीआईएसएफ की विशेष टुकड़ी और विभिन्न अलग-अलग जिलों से बुलाए गए पुलिस बल भी शामिल हैं. बताया जा रहा है कि डॉ. मोहन भागवत 22 तारीख को शहडोल से रवाना होंगे, मोहन भागवत पहली बार शहडोल जिले के दौरे पर हैं.
कार्यक्रम स्थल पर जांच जारी
आरएसएस प्रमुख के कार्यक्रम स्थल के आसपास के इलाकों में सुरक्षा एजेंसी लगातार सक्रिय हो चुकी हैं और अपना निरीक्षण कार्य भी शुरू कर दिया है. पांडव नगर क्षेत्र को विशेष सुरक्षा घेरे में रखा गया है. वहीं पूरे इलाके में ड्रोन उड़ाने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है. कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश से पहले सघन जांच सीसीटीवी निगरानी और मल्टी लेयर सिक्योरिटी सिस्टम तैयार किया जा रहा है.
जेड प्लस सिक्योरिटी में रहेंगे मोहन भागवत
संघ प्रमुख के आगमन और वापसी के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक अस्थाई रूप से बंद भी रखा जाएगा. पुलिस प्रशासन ने वैकल्पिक मार्गों की तैयारी भी शुरू कर दी है, जिससे आम लोगों को कम से कम परेशानी हो.
आरएसएस प्रमुख डॉक्टर मोहन भागवत के शहडोल प्रवास को लेकर शहडोल एसपी राम जी श्रीवास्तव ने बताया है कि, आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत 3 दिन के लिए शहडोल प्रवास पर आए हैं. जेड प्लस सुरक्षा अंतर्गत यहां पर समुचित सुरक्षा व्यवस्था की गई है, ताकि उनकी सुरक्षा में कोई भी चूक होने की संभावना न रहे. 350 अधिकारी कर्मचारी बाहर से मिले हैं. सरस्वती स्कूल कैंपस में 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था लगाई गई है. पांडव नगर क्षेत्र के 500 मीटर के इलाके में ड्रोन प्रतिबंधित किया गया है।
