नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री करिश्मा कपूर के दो बच्चों की ओर से अपने स्वर्गीय पिता संजय कपूर की 30 हजार करोड़ रुपए की संपत्ति में हिस्सेदारी की मांग के मामले में एक नया मोड़ आ गया है. संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने दिल्ली हाईकोर्ट में याचिका दायर कर मांग की है कि इस मामले की कार्यवाही से संजय कपूर की बहन मंदिरा कपूर का नाम हटाया जाए.
जस्टिस ज्योति सिंह की बेंच ने प्रिया कपूर की याचिका को मंजूर करते हुए कोर्ट की कार्यवाही से मंदिरा कपूर का नाम हटा दिया. दरअसल, शुक्रवार को सुनवाई के दौरान प्रिया कपूर की ओर से पेश वकील राजीव नय्यर ने कहा कि कोर्ट की कार्यवाही में मंदिरा कपूर का नाम पिछले दरवाजे से फायदा पहुंचाने की कोशिश है. प्रिया कपूर की याचिका में कहा गया था कि मंदिरा कपूर इस याचिका में पक्षकार भी नहीं है, उसके बावजूद उनका नाम कोर्ट की कार्यवाही में दर्ज है.
संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ का आरोपरू
दिल्ली हाईकोर्ट ने प्रिया कपूर को संजय कपूर की संपत्ति का पूर्ण विवरण दाखिल करने का निर्देश दिया था. करिश्मा कपूर ने अपने दोनों बच्चों के अभिभावक के रुप में हाईकोर्ट में याचिका दायर किया है. याचिका में आरोप लगाया गया है कि संजय कपूर की तीसरी पत्नी प्रिया कपूर ने संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ किया. याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर संजय कपूर की वसीयत से छेड़छाड़ कर उनकी पूरी संपत्ति पर अपना नियंत्रण चाहती हैं. यही वजह है कि संजय कपूर के वसीयत में करिश्मा कपूर के बच्चों को कोई हक नहीं दिया गया है।
संजय कपूर की वसीयत 21 मार्च 2025 की बतायी जा रही है. इस वसीयत के मुताबिक संजय कपूर की पूरी संपत्ति प्रिया कपूर की होगी. हाईकोर्ट में दायर याचिका में कहा गया है कि प्रिया कपूर ने इस वसीयत संजय कपूर की मौत के सात हफ्तों तक छिपाए रखा. वसीयत का खुलासा 30 जुलाई को तब किया गया जब एक पारिवारिक बैठक थी. याचिका में करिश्मा कपूर के बच्चों ने ये भी कहा है कि उनका संजय कपूर के काफी नजदीकी रिश्ता था और वे अक्सर छुट्टियों में जाकर उनसे मिलते थे. संजय कपूर अपने बच्चों को बेहतर भविष्य और वित्तीय सुरक्षा का हमेशा ही आश्वासन देते थे.
यह है पूरा मामला
करिश्मा कपूर और संजय कपूर की शादी 13 साल ( 2003 से 2016 तक) चली. इस जोड़े के दो बच्चे थे. संजय कपूर अपने पीछे लगभग 30,000 करोड़ रुपये की संपत्ति छोड़ गए हैं. इस मामले में विवाद का विषय 21 मार्च, 2025 की एक वसीयत है, जिसमें संजय ने अपनी पूरी निजी संपत्ति प्रिया के नाम कर दी है. अब, करिश्मा के बच्चों ने आरोप लगाया है कि वसीयत फर्जी है और प्रिया उन्हें उस संपत्ति से बेदखल करके खुद उस पर कब्जा करना चाहती है. बता दें कि संजय कपूर की मौत 12 जून को पोलो खेलने के दौरान विंडसर, ब्रिटेन में हो गई थी।
