नई दिल्ली/ कोलंबो । टी20 वर्ल्ड कप 2026 की को-होस्ट श्रीलंका ने पाथुन निसांका के शानदार शतकीय पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से मात देकर सुपर 8 में क्वालीफाई कर लिया है. वहीं ऑस्ट्रेलिया की इस हार ने उनकी मुश्किलों को और ज्यादा बढ़ा दिया है. अब कांगारुओं का अगले राउंड में पहुंचना दूसरी टीमों की हार और जीत पर निर्भर हो गया है।
ऑस्ट्रेलिया के टूर्नामेंट से बाहर होने का खतरा
ग्रुप बी में जिम्बाब्वे के पास दो मैच बैच हैं और उसमें से उसे सुपर 8 में पहुंचने के लिए केवल एक मैच जीतना है. उनका अगला मैच कल यानी 17 फरवरी को आयरलैंड से है और आखिरी ग्रुप मैच श्रीलंका से है. जिम्बाब्वे के अंक तालिका में दो मैच में दो जीत के साथ दूसरे नंबर पर है जबकि ऑस्ट्रेलिया तीन मैच के बाद दो अंक के साथ तीसरे स्थान पर है और उनका अब सिर्फ एक ही मैच बचा है।
ऑस्ट्रेलिया बड़ा टोटल बनाने से चूका
मैच की बात करें तो ऑस्ट्रेलिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए शानदार शुरुआत की और दोनों ओपनरों ने फिफ्टी करके टीम के स्कोर को 9 ओवर में ही शतक तक पहुंचा दिया. कप्तान मार्श ने 27 गेंद में 54 और हेड ने 29 गेंद में 56 रनों की शानदार पारी खेली. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 104 रनें की साझेदारी हुई।
उसके बाद जब उन्होंने अपना पहला विकेट खोया तो ऐसा लग रहा था कि अब यहां से ऑस्ट्रेलिया 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा कर देगा, लेकिन श्रीलंका के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और ऑस्ट्रेलिया को 20 ओवर में 181 रनों पर ही रोक दिया. दुशांत हेमंथा सबसे सफल गेंदबाज रहे. उन्होंने 4 ओवर में 37 रन देकर 3 विकेट लिए. खास बात ये भी है कि मैच श्रीलंका का मुख्य तेज गेंदबाज पथिराना पहले ही ओवर में चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए और फिर दोबारा मैदान में नहीं आए।
पाथुन निसांका की शानदार बल्लेबाजी
182 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेजबान टीम ने 8 के कुल स्कोर पर अपना पहला विकेट कुसल परेरा के रूप में खो दिया. उसके बाद पाथुन निसांका और कुसल मेंडिस ने शानदार बल्लेबाजी की और मैच ऑस्ट्रेलिया से दूर कर दिया. परेरा 38 गेंद में 51 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन निसांका 52 गेंद में 100 रन बनाकर नाबाद रहे. जिसमें 10 चौका और 5 छक्का शामिल था. उनके साथ पावन 15 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद रहे और अपनी टीम को 18 ओवर में ही जीत दिला दी।
इंग्लैंड ने इटली को हराया
आज के दिन खेले गए दूसरे मैच में इंग्लैंड ने इटली को हराकर सुपर 8 में क्वालीफाई कर लिया है. इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए. जवाब में इटली की टीम 20 ओवर में 178 रन पर ही ऑलआउट हो गई. मैच में शानदार प्रदर्शन करने वाले विल जैक्स को प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. जैक्स ने पहले 22 गेंद में नाबाद 53 रनों की पारी खेलकर अपनी टीम का स्कोर 200 तक पहुंचाया और फिर गेंद से दो ओवर में एक विकेट भी हासिल किया.
अफगानिस्तान ने यूएई को हराया
इससे पहले खेले गए दिन के पहले मैच में अफगानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से मात दे दी. अफगानिस्तान ने 161 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में ही हासिल कर लिया. मैच में शानदार ऑलराउंडर प्रदर्शन करने वाले अजमत उल्ला उमरजई को प्लेयर ऑफ दि मैच का अवॉर्ड दिया गया. अजमत ने पहले गेंद से कमाल किया और 4 ओवर में 15 रन देकर 4 विकेट झटके और फिर बैट से 21 गेंद में नाबाद 40 रनों की शानदार पारी खेलकर अपनी टीम को जीत दिलाई।
ऑस्ट्रेलिया को 8 विकेट से रौंदकर श्रीलंका ने सुपर 8 में किया क्वालीफाई, आस्ट्रेलिया की मुश्किल बढ़ी
