भोपाल। मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने हजारों छात्रों को राहत देते हुए 10वीं और 12वीं की द्वितीय अवसर परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तारीख बढ़ा दी है. अब छात्र 4 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. यह निर्णय उन विद्यार्थियों के लिए बेहद खास है, जो आवेदन से चूक गए थे या अपने परिणाम में सुधार करना चाहते हैं.
पूरक परीक्षा की जगह नई व्यवस्था लागू
पहले द्वितीय परीक्षा के आवेदन की अंतिम तारीख 26 अप्रैल थी लेकिन एमपी बोर्ड ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए आवेदन की तारीख 26 अप्रैल से बढ़ाकर 4 मई कर दी है. इस बार बोर्ड ने पारंपरिक पूरक परीक्षा की जगह द्वितीय अवसर परीक्षा लागू की है. इस नई व्यवस्था की सबसे खास बात ये है कि इसमें फेल छात्र ही नहीं बल्कि पास छात्र भी शामिल होकर अपने अंक बेहतर कर सकते हैं. दोनों प्रयासों में से जिस परीक्षा में अधिक अंक होंगे, वहीं अंतिम परिणाम माना जाएगा. इससे छात्रों के लिए जोखिम कम और फायदा ज्यादा हो गया है।
परीक्षाओं की तरीख निर्धारित
बोर्ड के आदेश के अनुसार द्वितीय अवसर परीक्षा 7 मई से 19 मई 2026 के बीच आयोजित की जाएगी. प्रेक्टिकल या आंतरिक मूल्यांकन में फेल छात्र केवल उसी हिस्से की परीक्षा देंगे. हालांकि इस परीक्षा में विषय बदलने की अनुमति नहीं दी गई है. वहीं आवेदन एमपी आनलाइन पोर्टल के माध्यम से ही किए जा सकेंगे।
मानसिक दबाव कम करने की पहल
माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव बुद्धेश कुमार वैद्य ने बताया, ष्बोर्ड का यह निर्णय छात्रों के मानसिक दबाव को कम करने वाला है. जिन विद्यार्थियों का प्रदर्शन किसी कारणवश प्रभावित हुआ था, वे इस अवसर का लाभ उठाकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकते हैं. साथ ही छात्र डिजिलाकर, बोर्ड की वेबसाइट और मोबाइल ऐप के जरिए अपनी अंकसूची भी आसानी से प्राप्त कर सकते हैं।
एमपी बोर्ड ने 10वीं और 12वीं द्वितीय परीक्षा के आवेदन की तारीख बढ़ाई
