उज्जैन। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुधवार को उज्जैन के महिदपुर पहुंचे. जहां उन्होंने करीब 207 करोड़ रुपए की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया. सबसे पहले मुख्यमंत्री नागदा में स्तिथ डेलनपुर बालाजी धाम के नवनिर्मित मंदिर पर ध्वज स्थापना, कलश प्रतिष्ठा एवं श्री राम दरबार प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव में शामिल हुए. फिर धर्म सभा को संबोधित किया. इस अवसर पर मध्य प्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट भी उनके साथ मौजूद रहे.
सीएम ने उज्जैनवासियों को दी 207 करोड़ की सौगात
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण 188.42 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित सामाखेड़ा बैराज का लोकार्पण रहा. इस बैराज के निर्माण से 7 हजार से अधिक हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी, जिससे 18 गांव के 11 हजार से अधिक किसान परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा, इसके अलावा सीएम ने अलग-अलग जगह मुख्यमंत्री स्कूल, कॉलेज, बिजली के लिए 33ध्11 के.वी. के उपकेंद्र, 13 उप स्वास्थ्य केंद्र का लोकार्पण भी किया जिसकी लागत 19 करोड़ है.
उज्जैन को 207 करोड़ का गिफ्ट
दरअसल कालीसिंध नदी पर बने बैराज की क्षमता 17.57 मिलियन घन मीटर है, जिससे कुल 7236 हेक्टर भूमि सिंचाई होगी. बैराज की ऊंचाई 13 मीटर और लंबाई 1010 मीटर है और 12×8.85 मीटर के 11 गेट बनाये गए हैं.
सीएम बोले-महिदपुर के लिए ऐतिहासिक दिन
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ष्महिदपुर क्षेत्र के लिए यह ऐतिहासिक दिन है. उन्होंने बताया कि 207 करोड़ रुपए से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया गया है, जिसमें लगभग 190 करोड़ रुपए की लागत से तैयार सामाखेड़ा का बड़ा बैराज प्रमुख है. उन्होंने कहा कि महिदपुर को हाई सेकेंडरी स्कूल, कॉलेज भवन सहित कई महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों की सौगात मिली है. यह क्षेत्र न केवल उज्जैन जिले बल्कि पूरे मध्य प्रदेश में विशेष महत्व रखता है और प्रदेश की सबसे ऊर्जावान तहसीलों में शामिल है।
भगवान कृष्ण से जुड़ा नारायण धाम
सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार महिदपुर के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है. उन्होंने महिदपुर की धार्मिक और वैज्ञानिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि यहां भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ा प्रसिद्ध नारायण धाम स्थित है. जहां मान्यता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने अपने मित्र सुदामा के साथ रात्रि विश्राम किया था. साथ ही डोंगला स्थित समय गणना की ऑब्जर्वेटरी भी इस क्षेत्र की विशेष पहचान है।
उन्होंने कहा कि विकास के हर क्षेत्र में महिदपुर को प्राथमिकता दी जा रही है और आने वाले समय में भी क्षेत्रवासियों को अनेक नई विकास परियोजनाओं की सौगात मिलेगी. मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में किए जा रहे इन कार्यों से महिदपुर के विकास को नई गति मिलेगी और किसानों सहित आमजन के जीवन स्तर में सकारात्मक बदलाव आएगा. इसके साथ ही राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए सीएम ने कहा कि प्रदेश में नौसिखिए को पार्टी की कमान हाथ में दी।
एमपी: मोहन यादव ने महिदपुर को दी 207 करोड़ की सौगात, 11 हजार किसान परिवारों को सीधा लाभ
