ओडीआई से रोहित की बादशाहत खत्म, कीवी बल्लेबाज ने छीना नंबर वन का ताज, हासिल की ये बड़ी उपलब्धि

नई दिल्ली। आईसीसी ने वनडे में बल्लेबाजों की नई रैंकिंग जारी कर दी है. जिसमें न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल ने रोहित शर्मा को पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल कर लिया है. मिशेल के 782 रेटिंग पॉइंट्स हैं जबकि दूसरे नंबर पर रोहित शर्मा के 781 रेटिंग अंक हैं।
मिशेल ने रचा इतिहास
इसके साथ डेरिल मिशेल 1979 में ग्लेन टर्नर के बाद वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने वाले न्यूजीलैंड के पहले खिलाड़ी बन गए हैं. टर्नर 46 साल पहले नंबर एक स्थान पर पहुंचने वाले आखिरी कीवी बल्लेबाज थे.
मार्टिन क्रो, एंड्रयू जोन्स, रोजर टूज, नाथन एस्टल, केन विलियमसन, मार्टिन गुप्टिल और रॉस टेलर जैसे न्यूजीलैंड के कई दिग्गज बल्लेबाज पहले भी शीर्ष पांच में जगह बना चुके हैं, लेकिन कोई भी नंबर वन का ताज नहीं हासिल कर सका.
वनडे में गेंदबाजों की रैंकिंग
वनडे में अफगानिस्तान के राशिद खान 710 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर वन गेंदबाज बने हुए हैं. जबकि इंग्लैंड के जोफ्रा आर्चर 670 अंको के साथ दूसरे स्थान पर हैं और दक्षिण अफ्रीका के केशव माहाराज 660 रेटिंग अंकों के साथ तीसरे नंबर पर हैं.
टेस्ट में नंबर वन बल्लेबाज
टेस्ट क्रिकेट में इंग्लैंड के जो रूट 908 रेटिंग पॉइंट्स के साथ नंबर वन बल्लेबाज बने हुए हैं. जबकि उन्हीं के हमवतन खिलाड़ी हैरी 868 अंको के साथ दूसरे नंबर पर विराजमान हैं. वहीं तीसरे नंबर पर न्यूजीलैंड के स्टार बल्लेबाज केन विलियमसन का नाम है. उनके कुल 850 रेटिंग पॉइंट्स हैं.
टेस्ट में नंबर वन गेंदबाज
भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह टेस्ट गेंदबाजों की रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर बने हुए हैं. बुमराह के 895 रेटिंग अंक हैं, जो कि दूसरे नंबर के गेंदबाज मैट हेनरी से 49 पॉइंट्स ज्यादा है. न्यूजीलैंड के हेनरी के कुल 846 अंक हैं.
टी20 में भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा
बल्लेबाजों की रैंकिंगः भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा 920 रेटिंग पॉइंट्स के साथ टी20 के नंबर वन बल्लेबाज बरकरार है. दूसरे नंबर पर इंग्लैंड के फिल साल्ट हैं, जिनके पास 849 पॉइंट्स हैं और तीसरे नंबर पर श्रीलंका के ओपनर पाथुन निशंका हैं.
आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग
गेंदबाजों की रैंकिंग में भी भारत का ही खिलाड़ी नंबर वन है. यहां पर वरुण चक्रवर्ती 780 अंकों के साथ सबसे आगे है, जबकि न्यूजीलैंड के जैकब डफी 699 रेटिंग पॉइंट के साथ दूसरे नंबर पर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *