मुरैना। माता बसैया थाना क्षेत्र के चंदूपुरा गांव में रविवार को एक खुशियों भरा शादी समारोह पलभर में मातम में बदल गया. शादी समारोह में क्रॉकरी का काम करने आ रहे मजदूर 11 केवी हाई टेंशन वायर की चपेट में आ गए. सभी मजदूर लोडिंग वाहन की छत पर बैठ कर आ रहे थे. इसी दौरान घटना घटी, जिसमें 2 युवकों की मौत हो गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजन को सौंप दिया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
हाई टेंशन वायर की चपेट में आए मजदूर
चंदूपुरा गांव में गब्बर सिंह गुर्जर के घर बेटी की शादी थी. जिसके लिए आगरा से ठेकेदार देवेंद्र, मजदूरों और क्रॉकरी का सामान लेकर लोडिंग वाहन से चंदूपुरा गांव पहुंचे थे. गांव में आयोजित शादी कार्यक्रम का टेंट खेतों में लगा था, इसलिए गांव में घुसते ही कार्यक्रम स्थल तक पहुंचने के लिए लोडिंग वाहन चालक खेतों से होकर वाहन निकाल रहा था. इस दौरान उसने ऊपर गुजर रही 11 केवी बिजली वायर पर ध्यान नहीं दिया. जैसे ही वाहन आगे बढ़ा, ऊपर बैठे मजदूर हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए. जिससे पूरी गाड़ी में करंट फैल गया.
6 मजदूरों ने वाहन से कूदकर बचाई जान
माता बसैया थाना प्रभारी विवेक तोमर ने बताया कि ष्इस हादसे में वाहन पर सवार पियूष कश्यप, रिंकू मैसी, अरमान, समीर, बिट्टू और शिवा ने कंरट फैलने के बाद तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई. वहीं, उत्तर प्रदेश के आगर कैंट निवासी विक्की जाटव और 20 वर्षिय आलोक नाइ वायर से चिपक गए. घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बिजली सप्लाई बंद कराकर दोनों को नीचे उतारा. उन्हें तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया.ष्
पुलिस ने परिजनों को सौंपे शव
घटना के बाद दोनों शवों को शव गृह में रखवाये गए और पुलिस द्वारा इसकी सूचना परिजनों को दी गई. सूचना पाकर परिजन मुरैना पहुंचे. जिसके बाद शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं, पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. बताया गया कि ठेकेदार द्वारा मजदूरों को 800 रुपये प्रति व्यक्ति के हिसाब से काम पर लाया था।
मुरैना के शादी समारोह में यूपी से काम करने पहुंचे मजदूर, हाई टेंशन वायर की चपेट में आने से 2 की मौत
