जश्ने ईद मिलादुन्नबी पर गले मिलकर दी बधाई, धार्मिक झंडे के साथ भारतीय तिरंगा भी लहराया

ग्वालियर। शहर में शुक्रवार को जश्ने ईद मिलादुन्नबी धूमधाम से मनाई गई। पैगम्बर-ए-इस्लाम हजरत मोहम्मद मुस्तफा जश्ने ईद मिलादुन्नबी के मौके पर शहर से लेकर गांव-कस्बों तक खुशियों का माहौल देखा गया। पैगंबर मोहम्मद की यौम-ए-पैदाईश बारा रबीउल-अव्वल शुक्रवार को मनाई गई। इस दौरान शहर के मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों से बैंड-बाजों व डीजे पर थिरकते हुए युवा फूलबाग मस्जिद पर पहुंचे। यहां दोपहर 1 बजे के बाद एक-एक कर जुलूस पहुंचने का सिलसिला शुरू हुआ, जो शाम तक चलता रहा। मस्जिद में सभी ने एक दूसरे के गले लगकर बधाई दी। इस बार जुलूस में धार्मिक झंडे के साथ-साथ भारतीय तिरंगा भी लहराते हुए युवा नजर आए।
शुक्रवार को ईद मिलाद उन नबी के मौके पर गाजे-बाजों के साथ पैगंबर साहब का जन्मदिन मनाते हुए गुड़ागुड़ी का नाका, हेम सिंह की परेड, मामा का बाजार, आपागंज, कम्पू ईदगाह, जलाल खां की गोठ, शंकरपुर, मेवाती मोहल्ला सागरताल, उस्मानी मस्जिद गोल, मेवाती मोहल्ला बहोड़ापुर, नाका चंद्रवदनी गली नं. 1 इलाकों से जुलूस महाराज बाड़ा होते हुए फूलबाग मोती मस्जिद पहुंचे और यहां सभी जुलूसों का समापन हुआ। इस बार जुलूस में धार्मिक ध्वज के साथ-साथ भारतीय तिरंगा भी युवा लहरा रहे थे। पैगम्बर साहब के जन्मदिवस के रूप में मनाई जाने वाली यह ईद मिलादुन्नबी पर मुस्लिम परिवार के लोगों ने धार्मिक स्थल पहुंचकर फल वितरित किए। लोगों ने अस्पताल व रेलवे स्टेशन के आसपास घूमने वाले बेसहारा परिवारों को खाना व फल बांटे। इसके अलावा रिश्तेदारों व दोस्तों में मिठाई बांटकर ईद का जश्न मनाया। जश्ने ईद मिलादुन्नबी के कारण फूलबाग मोती मस्जिद चौराहा पर काफी अधिक भीड़भाड़ होने से यातायात पर काफी अधिक दवाब रहा। इसी कारण पुलिस ने फूलबाग के क्षेत्र को नो व्हीकल जोन घोषित किया था। फूलबाग पर सिर्फ जुलूस के वाहन ही आ जा सके। पुलिस पर सुरक्षा को लेकर पुलिस फोर्स काफी मात्रा में तैनात था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *