उत्तरप्रदेश और भिंड से आये थे शूटर
ग्वालियर। सोमवार को मुरार के सदर बाजार में अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले 10-10 हजार रूपये के इनामी बदमाशों को पुलिस ने 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार किया है। सदर बाजार में गोलीबारी में शमिल शूटर यूपी और भिंड से आये थे। पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों में एक बदमाश हिमांशु यादव गुरसराय झांसी उत्तर प्रदेश, दूसरा बदमाश अमित यादव बड़ागांव का निवासी है। तीसरा बदमाश गैंगस्टर कपिल यादव का छोटा भाई अरविंद यादव है, जो वारदात का मास्टर माइंड है। वारदात में शामिल दो अन्य बदमाशों को पुलिस ने पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस की गिरफ्त में आये बदमाशों में एक बदमाश भाजपा नेता पर हुये हमले में शामिल था। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक धर्मवीर सिंह ने बताया कि सोमवार की दोपहर मुरार थाना क्षेत्र के सदर बाजार में सरेराह फायरिंग कर कारोबारी की दुकान में घुसकर गोली चलाने वाले बदमाशों को पुलिस ने वारदात के 48 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक श्री सिंह ने बताया कि 24 नवंबर सोमवार को उदय ज्वैलर्स एवं विवाह साड़ी की दुकान पर चार हथियारबंद नकाबपोश बदमाशों ने जान से मारने की नियत से अवैध हथियारों से कई राउंड फायर किए थे। वारदात का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और जांच पड़ताल के बाद बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन पर 10-10 हजार रूपये का इनाम घोषित कर उनकी तलाश शुरू की और पुलिस ने सीसीटीव्ही फुटेज देखकर मुखबिर तंत्र सक्रिय कर वारदात के 24 घंटे से अंदर वारदात के षड्यंत्रकारी अरविंद यादव पुत्र करण सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी बड़ागांव थाना मुरार एवं वारदात में दुकान के अंदर जाकर फायरिंग करने वाले मुख्य आरोपी हिमांशु यादव उर्फ छोटू पिता ज्ञान सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी गुरसराय जिला झाँसी (उत्तर प्रदेश) को जौरासी के जंगलों से गिरफ्तार किया है। वहीं फरार आरोपी अमित यादव पुत्र श्याम सिंह निवासी बड़ागांव मुरार को बड़ागांव से पुलिस ने धर दबोच है। पुलिस ने इस मामले में 5 आरोपियों को हिरासत में लिया है। मुरार में व्यापारी के साथ हुई वारदात के षड्यंत्रकारी कपिल यादव पुत्र करण सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी बड़गांव एवं अमन यादव पुत्र धीरज सिंह यादव निवासी उम्र 26 वर्ष को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।एएसपी अनु बेनीवाल, सुमन गुर्जर, विनीता डागर और डीएसपी अपराध नागेन्द्र सिंह सिकरवार ने बताया कि वारदात के बाद बदमाशों ने जौरासी के जंगलों में शरण ली हुई थी। बदमाश जब भाग रहे थे तभी उनका एसएसपी से भी आमना सामना हुआ था और एसएसपी के गार्ड ने बदमाशों पर फायरिंग की थी। लेकिन बदमाश अपनी बाइक छोड़कर जौरासी के जंगलों में भाग गये थे। पुलिस ने लगातार सर्चिंग कर बदमाशों पर दबाब बनाकर उन्हें धर दबोचा।
यह है बदमाशों का आपराधिक रिकार्ड
1. कपिल यादव पुत्र करण सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी बड़गांव के खिलाफ थाना मुरार में 11 तथा थाना बिजौली में 01 कुल 12 अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, आर्म्स एक्ट, एससी एसटी एक्ट, मारपीट आदि के पंजीबद्ध हैं। कपिल के खिलाफ चार बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा चुकी है जिसमें एक प्रकरण में वर्ष 2024 मेें एनएसए की कार्यवाही भी की जाकर 03 माह के लिए उसे केन्द्रीय जेल रीवा भेजा गया था।
2. कपिल के भाई अरविंद यादव पुत्र करण सिंह उम्र 20 वर्ष निवासी बड़ागांव के खिलाफ थाना मुरार में 04 प्रकरण मारपीट, आर्म्स एक्ट व रंगदारी के पंजीबद्ध हैं।
3. हिमांशु यादव उर्फ छोटू पुत्र ज्ञान सिंह उम्र 24 वर्ष निवासी गुरसराय जिला झाँसी(उ.प्र.) के खिलाफ थाना मुरार, बिजौली, गोदन जिला दतिया में डकैती, रंगदारी, व आर्म्स एक्ट के 03 प्रकरण पंजीबद्ध हैं।
4. अमन यादव पिता धीरज सिंह यादव उम्र 26 वर्ष निवासी बड़गांव के खिलाफ थाना मुरार में 05 तथा थाना बिजौली में 01 कुल 06 अपराध पंजीबद्ध हैं, जिनमें हत्या का प्रयास, मारपीट, एससी एसटी एक्ट, आर्म्स एक्ट के पंजीबद्ध हैं एवं 04 बार प्रतिबंधात्मक कार्यवाही भी की जा चुकी है।
फायरिंग कर दहशत फैलाने वाले इनामी बदमाश पुलिस ने दबोचे
